जालौन के कुठौंद थाने में इंस्पेक्टर अरुण कुमार राय की आत्महत्या के मामले में जिम्मेदार बताई जा रही महिला सिपाही मीनाक्षी शर्मा बरेली के बहेड़ी कोतवाली में भी तीन महीने तैनात रह चुकी है। उसकी तैनाती से पहले दूसरी महिला सिपाही अंशुल की वजह से दो सिपाहियों में थाना परिसर के अंदर गोलियां चल गई थी। दो इंस्पेक्टर समेत तीन सिपाहियों को निलंबित कर दिया गया।
नवंबर 2023 में सिपाही मीनाक्षी शर्मा बहेड़ी कोतवाली में तैनात हुई थी। तीन महीने में ही उसने अपना तबादला करा लिया था। बेहद कम समय की तैनाती के दौरान भी वह काफी चर्चा में रही थी। इससे पहले छह सितंबर 2022 को बहेड़ी थाने में गोली चली थी। ये घटनाक्रम दूसरी महिला सिपाही की वजह से हुआ था। मुंशी के रूप में तैनात रहे सिपाही मोनू पांडे से थाने पर तैनात दूसरे सिपाही योगेश चहल का विवाद हो गया था। झगड़ा इतना बढ़ा कि रात करीब 12 बजे योगेश चहल थाने में ड्यूटी कर रहे मोनू पांडे के पास पहुंच गया।
संबंधित खबर- Orai: कुठौंद थाना प्रभारी ने किया सुसाइड, महिला सिपाही से जुड़ा मामला…भागती कॉन्स्टेबल का Video वायरल
महिला सिपाही को लेकर दोनों में बहस और धक्कामुक्की हो गई। मोनू पांडे ने एक दरोगा की जमा रिवाल्वर दराज से निकालकर दो फायर कर दिए। गनीमत रही कि गोली किसी को नहीं लगी। इंस्पेक्टर सत्येंद्र भड़ाना ने न तो कोई कार्रवाई की और न ही अफसरों को जानकारी दी।
तत्कालीन एसएसपी सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज को जानकारी मिली तो उन्होंने एसपी क्राइम से जांच कराई। एसएसपी ने इंस्पेक्टर सत्येंद्र भड़ाना, इंस्पेक्टर क्राइम अनिल कुमार, तीन सिपाही मोनू पांडे, योगेश चाहल व मनोज को निलंबित कर दिया था।