कोतवाली के पास आंबेडकर पार्क में आयोजित कार्यक्रम में लोगों ने बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके आदर्श पर चलने का संकल्प लिया। कहा कि बाबा साहब एक समाज सुधारक, अर्थशास्त्री, विधिवेत्ता, और राजनीतिज्ञ थे। उन्होंने भारत के संविधान को आकार देने में एक अहम भूमिका निभाई। वे भारत के पहले विधिक और न्याय मंत्री बने। बाबा साहब ने मुंबई विश्वविद्यालय से स्नातक की उपाधि हासिल कर के कोलंबिया विश्वविद्यालय और लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स की पढ़ाई की। देश में जाति प्रथा का विरोध किया और सबको समान बताया।
राष्ट्रीय मानव सेवा ने मनाई बाबा साहब की जयंती
राष्ट्रीय मानव सेवा संस्थान की ओर से संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर की 134 वीं जयंती धूमधाम के साथ मनाई गई। अंबेडकर पार्क में संस्था के लोगों ने बाबा साहब की मूर्ति पर माल्यार्पण किया। संस्था की राष्ट्रीय अध्यक्ष बिंदु सक्सेना ने कहा कि डॉ. भीमराव आंबेडकर ने अपना पूरा जीवन लोगों के सुधार के लिए लगा दिया।
अमन कमेटी ने मनाई आंबेडकर जयंती
अमन कमेटी से जुडे मुस्लिम समाज के लोगों ने डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती मनाई। संस्था के लोगों ने मनोज भारती को शाल ओढ़ाकर स्वागत किया। कहा कि बाबा साहेब में समाज में फैली कुप्रथा को समाप्त करने क लिए लोगों को जागरूक किया। इस दौरान डॉ. कदीर अहमद, नदीम इकबाल, नदीम खान, पकीजा खान आदि मौजूद रहे।