बरेली। सउदी सरकार द्वारा शिया धर्मगुरु बाकिर अल निम्र को फांसी दिए जाने के विरोध में रविवार को स्वालेह नगर स्थित शिया करबला गेट पर बड़ी संख्या में शिया मुसलमानों ने प्रदर्शन किया। साथ ही सउदी सरकार का पुतला फूंका।
इमाम-ए-जुमा मौलाना समशुल हसन खां ने सउदी सरकार द्वारा फांसी दिए जाने की निन्दा की। मुजफ्फर नगर से आए मौलाना मोहम्मद हुसैन ने भी कड़ी प्रतिक्रिया दी।
इसके अलावा सहसवानी टोला में यूनाईटेड शिया मूवमेंट ने शोक सभा की। यहां आल इंडिया शिया पर्सनल लॉ बोर्ड के सदस्य एवं शिया मूवमेंट के महासचिव कलीम हैदर नकवी ने कहा कि सउदी अरब की हुकूमत का यह कदम निंदनीय है।
मूवमेंट के प्रवक्ता समर अब्बास जैदी ने भी इसे कायरता पूर्ण कदम करार दिया। इसी तरह उपाध्यक्ष कल्बे हुसैन फरीद, समर हैदर आब्दी, जिया अब्बास जैदी, कैफी रजा जैदी आदि ने भी गम और गुस्से का इजहार किया।