बरेली। शारदीय नवरात्र में महंगाई की डोज से व्रतियों की जेब ढीली हो रही है। पहले ही दिन बृहस्पतिवार को मेवों की कीमतों में उछाल से ग्राहक चौंक गए। पूजन और फलाहार में प्रयोग होने वाले मखाना, नारियल गोला, काजू के भाव बढ़ गए। अभी कीमतों में और उछाल आने का अनुमान है।
मेवा कारोबारियों के मुताबिक त्योहारों के दौरान आमतौर पर कीमतों में थोड़ा उछाल आता है, लेकिन इस बार दो बार कीमतें बढ़ीं। सप्ताहभर पहले मखाने की कीमत 12 सौ रुपये प्रति किलो थी। यह दो सौ रुपये बढ़कर 14 सौ रुपये पहुंच गई थी। बृहस्पतिवार को शहर के प्रमुख बाजार में इसकी कीमत 16 सौ रुपये तक पहुंच गई। जबकि, गली-मोहल्लों में चल रही दुकानों पर मखाना 14 सौ रुपये किलो ही बिका। काजू जो सात सौ से 850 पहुंचा था, अब हजार के आंकड़े को छू रहा है।
नारियल गोला की कीमत में 30 से 60 रुपये इजाफा हुआ। श्यामगंज किराना मंडी के कारोबारी मनोज मूलचंदानी के मुताबिक नारियल गोला के भाव बृहस्पतिवार को 240 से तीन सौ रुपये प्रतिकिलो के बीच रहे। सप्ताहभर पहले इसकी कीमत 200 से 240 रुपये प्रतिकिलो थी।
बारिश और आपूर्ति में अड़चन से बढ़ी कीमत
मेवा कारोबारी संजय आनंद के मुताबिक मखाना बिहार से आता है। बीते वर्ष और इस वर्ष भी वहां भारी बारिश हुई। इसके चलते मखाना की फसल खराब होने से कीमतों में उछाल आया है। वहीं, ट्रांसपोर्टेशन की समस्या भी अड़चन बन रही है। काजू और नारियल गोला की कीमतें त्योहारी सीजन और वार्षिक वृद्धि दर के तहत बढ़ी हैं। कीमतों में गिरावट की उम्मीद कम है। अमर उजाला ब्यूरो