बरेली। शारदीय नवरात्र के पहले दिन घर-घर घटस्थापना के बाद भक्तों ने माता के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री की पूजा-अर्चना की। देवी मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए भोर से ही श्रद्धालु हाथों में पूजा की थाल लेकर माता के जयकारे लगाते हुए कतार में अपनी बारी के इंतजार में खड़े हो गए। पट खुलने के साथ ही जय माता दी का जयकारा गूंज उठा। विधि-विधान से भक्तों ने पूजन करके सुख-समृद्धि का वरदान मांगा।
शहर के सभी प्रमुख मंदिरों में तड़के से ही भीड़ देखने को मिली। दर्शन-पूजन का सिलसिला दोपहर बाद तक चला। शाम के समय माता की आरती हुई। इस दौरान मंदिरों में भव्य सजावट की गई थी। देवी मंदिरों की सुंदरता देखते ही बन रही थी। घर में स्थापित घट के पास ही माता की चौकी लगाकर श्रद्धालुओं ने पूजा की। यहां अखंड ज्योति भी प्रज्ज्वलित की गई।
बदायूं रोड पर चौरासी घंटा मंदिर, ललिता देवी मंदिर नेकपुर, कालीबाड़ी स्थित मंदिर, नवदुर्गा मंदिर साहूकारा, नरियावल के शीतला माता मंदिर सहित अन्य प्रमुख मंदिरों में माता का भव्य शृंगार किया गया। धूप-दीप अर्पित करने के साथ भक्तों ने ऋतुफल व नैवेद्य का भी भोग लगाया। भक्तों ने भक्तिभाव से उपवास भी रखा। शाम के समय घरों में महिलाओं ने माता के छंद गाए।
प्रसाद की दुकानों पर रही भीड़भाड़
माता की अराधना के लिए भक्तों ने चुनरी, नारियल, प्रसाद आदि की खरीदारी उत्साह से की। मंदिरों के आसपास व शहर में जगह-जगह लगीं दुकानों पर भारी भीड़ रही। फूल बेचने वालों के पास भी बड़ी संख्या में ग्राहक पहुंचे। संवाद
-
माता शैलपुत्री का किया पूजन (आवश्यक )
बरेली। सुभाष नगर स्थित श्री हरे राम नवदुर्गा मंदिर में शारदीय नवरात्र के पहले दिन मां शैलपुत्री की पूजा-अर्चना की गई। ममता शर्मा की ओर से माता को श्रीफल सहित शृंगार एवं वस्त्र, आभूषण अर्पित किए गए। महिला मंडली ने माता की भेंटें गाईं। प्रसाद वितरित किया गया। कार्यक्रम में डॉ. जितेंद्र कुमार शर्मा, मुकेश शर्मा, पूनम शर्मा, जसवंत कौर, ममता शर्मा, रेखा सक्सेना, सारिका सक्सेना, प्रभावती शर्मा, अंजना अग्रवाल, मिथिलेश कुमारी, प्रमिला शर्मा आदि मौजूद रहीं। संवाद