पलिया पुल के नीचे खतरे के निशान से ऊपर बहती शारदा नदी।
मझौरा से इमलिया फार्म जाने वाले रास्ते पर रपटा पुल डूबा
बारिश के कारण बनबसा बैराज से लगातार छूट रहे पानी का असर
पलियाकलां। पहाड़ों पर लगातार हो रही बारिश के कारण बनबसा बैराज से लगातार पानी छोड़ा जा रहा है, इससे शारदा नदी एक बार फिर उफना गई है। वर्तमान में शारदा खतरे के निशान से 52 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है।
शनिवार की देर शाम से शारदा नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी होनी शुरू हुई। रविवार की सुबह खतरे के निशान को शारदा नदी पार कर गई। जल आयोग के मुताबिक, रविवार की शाम चार बजे नदी का जलस्तर खतरे के निशान से 52 सेंटीमीटर ऊपर यानी 154.620 सेंटीमीटर था।
रविवार की सुबह करीब आठ बजे बनबसा बैराज से करीब 82 हजार क्यूसेक जबकि 12 बजे 69 हजार क्यूसेक पानी रिलीज किया गया, जो नदी में रात तक आने की बात कही जा रही है। उधर, नदी का जलस्तर बढ़ने से मझौरा से इमलिया फार्म जाने वाले रास्ते पर चार फिट तक पानी भर गया है। रपटा पुल पूरी तरह से डूब चुका है और इस पर से ग्रामीण केवल साइकिलों व डनलप से निकल रहे हैं। बाइक व चार पहिया वाहनों के लिए रास्ता पूरी तरह से बंद हो गया है। बोझवा की ठोकर नंबर जीरो व एक पर भी काफी जलस्तर बढ़ गया है।