उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) के तत्वावधान में आयोजित अंडर-16 मंडल क्रिकेट प्रतियोगिता में बरेली और शाहजहांपुर की टीमों के बीच मुकाबला हुआ। इसमें शाहजहांपुर ने बरेली की टीम को हराकर मुकाबला जीत लिया।
एक निजी स्टेडियम में आयोजित इस मैच में शाहजहांपुर की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित ओवरों में नौ विकेट खोकर 109 रनों का स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से जय प्रताप ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए सर्वाधिक नाबाद 51 रनों का योगदान दिया। बरेली की ओर से अक्षत पटेल और कार्तिक पांडेय ने घातक गेंदबाजी करते हुए दो-दो विकेट चटकाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बरेली की टीम ने खेल समाप्त होने तक सात विकेट के नुकसान पर 105 रन बनाए। बरेली की पारी में आदित्य यादव ने 26 रन और जयंत तोमर ने 22 रनों की उपयोगी पारियां खेलीं। वहीं, शाहजहांपुर की तरफ से गेंदबाजी में दक्ष शर्मा ने तीन और अनिरुद्ध ने दो विकेट लेकर विपक्षी टीम को दबाव में रखा और मुकाबला जीत लिया। इस दौरान अध्यक्ष सरफराज वली खान, कोच ओपी कोहली, राहुल कपूर, सचिव सीता राम सक्सेना आदि मौजूद रहे।