कोरोना का खतरा अभी खत्म नहीं हुआ है। डीएम इंद्र विक्रम सिंह की पत्नी, बेटी और सिटी मजिस्ट्रेट की जांच रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। डीएम की पत्नी और बेटी को गाजियाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सिटी मजिस्ट्रेट राजेश कुमार पंचम होम आइसोलेशन में हैं। पत्नी और बेटी की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद डीएम ने खुद को पब्लिक से अलग कर लिया है। उधर, कोरोना संक्रमित एक महिला की कोविड अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
डीएम ने बताया कि दशहरा पर उनके पास भाई लखनऊ से आए थे, जो कोरोना पॉजिटिव निकले। इसके बाद शुक्रवार को डीएम ने खुद, पत्नी और बेटी की जांच कराई। डीएम की जांच रिपोर्ट तो निगेटिव आई, लेकिन उनकी पत्नी और बेटी संक्रमित निकलीं। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए गाजियाबाद भेज दिया गया।
डीएम के मुताबिक उन्होंने खुद को एहतियातन एक सप्ताह के लिए पब्लिक से अलग कर लिया है। शनिवार को वह किसी कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए और न ही फील्ड में गए। उधर, सिटी मजिस्ट्रेट को बुखार की शिकायत हुई। जांच कराने पर उनकी रिपोर्ट भी कोरोना पॉजिटिव आई। रिपोर्ट आने के बाद सिटी मजिस्ट्रेट होम आइसोलेट हो गए। उनके स्टाफ की जांच भी कराई जाएगी।