जर्जर शाही-मिर्जापुर मार्ग। संवाद
शाही। जर्जर शाही-मिर्जापुर मार्ग का पुन: निर्माण कराया जाएगा। फिलहाल, एक सप्ताह के लिए इस मार्ग को दोबारा बंद कर दिया गया है। इससे अब भारी वाहन यहां से आवागमन नहीं कर सकेंगे। अब बड़े व भारी वाहनों को 40 किलोमीटर का फेर लगाकर फतेहगंज पश्चिमी होकर शाही-बहेड़ी की ओर जाना होगा।शाही-मिर्जापुर मार्ग इतना खराब और जर्जर है कि पिछले सात वर्षों से सैकड़ों गांव के लोग गड्ढों और धूल भरे रास्ते से निकलने के लिए मजबूर हैं। पिछले वर्ष दिसंबर में तत्कालीन सांसद संतोष गंगवार और क्षेत्रीय विधायक डॉ. डीसी वर्मा के द्वारा पीडब्ल्यूडी की ओर से मार्ग के पुनर्निर्माण के लिए शिलान्यास कराया गया था। छह महीने बीतने के बाद भी दो किलोमीटर मार्ग का पुनर्निर्माण नहीं हो सका है, जबकि एक माह पहले भी यह मार्ग पीडब्ल्यूडी की ओर से बंद किया गया था। अब 23 जून सोमवार की शाम से इस मार्ग को शाही व मिर्जापुर की ओर से पूरी तरह बंद कर दिया गया है।
सीसी रोड में तब्दील होगा पीडब्ल्यूडी के जेई दिनेश प्रजापति ने बताया कि मार्ग का पुनर्निर्माण एक सप्ताह में पूर्ण करने का पूरा प्रयास किया जाएगा। पुल के दोनों ओर 200 मीटर क्षेत्र को छोड़कर पूरे मार्ग को सीसी रोड में तब्दील किया जा रहा है, जिससे आने वाले समय में बरसात के दौरान मार्ग को कटान से बचाया जा सके। संवाद