20 गिरफ्तार कर भेजे गए जेल, आपत्तिजनक सामग्री के साथ मिलीं शक्तिवर्धक दवाएं
प्रयागराज। सिविल लाइंस में रोडवेज बस अड्डे के पास स्थित मॉल में चार स्पा सेंटराें की आड़ में सेक्स रैकेट संचालित किया जा रहा था। शुक्रवार को छापे के दौरान आपत्तिजनक सामग्री के साथ ही शक्तिवर्धक दवाएं भी बरामद हुई थीं। मौके से पकड़ी गईं 13 महिलाओं समेत 20 लोग शनिवार को जेल भेज दिए गए। इनमें से एक आरोपी बरेली के माधवबाड़ी निवासी मो. इरफान मिया है।
पुलिस के मुताबिक, मॉल के दूसरे तल पर स्थित चार स्पा सेंटरों में छापा मारा गया तो वहां अनैतिक गतिविधियां संचालित होते मिलीं। कुछ महिलाएं व पुरुष आपत्तिजनक हाल में मिले। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद लोगों ने भागने की कोशिश की, जिन्हें पकड़ लिया गया। थाने लाकर पूछताछ किए जाने पर पता चला कि पकड़ी गईं महिलाओं में से एक संचालिका है। शेष 12 युवतियां स्पा सेंटरों में काम करतीं हैं।
गिरफ्तार सात पुरुषों में राहुल कालिया पैराडाइज स्पा का मैनेजर और मो. इरफान मिया ग्रीन स्पा का मैनेजर है। एसीपी श्वेताभ पांडेय ने बताया कि अनैतिक देह व्यापार अधिनियम के तहत कुल 23 पर केस दर्ज किया गया है। 20 आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। तीन स्पा सेंटर संचालकों को भी आरोपी बनाया गया है, जिनकी तलाश की जा रही है। आरोपियों के कब्जे से 20 मोबाइल व 8400 नकद भी बरामद हुए हैं। अमर उजाला ब्यूरो