बरेली। डीडीपुरम के एकतानगर को सीएम ग्रिड योजना में चमकाने का सपना साल भर पहले दिखाया गया था, लेकिन हकीकत अभी तक नहीं बदल सकी। उल्टे हालात और ज्यादा खराब हो गए। टूटी सड़कों और सीवर ओवर फ्लो होने से लोगों की परेशानी बढ़ी है। बार-बार शिकायतें आईं पर समाधान एक बार भी नहीं हुआ। अलबत्ता जहां पर सीवर की लीकेज हो रही या सीवर ओवरफ्लो होकर सड़क पर बह रहा है वहां नगर निगम के जलकल की टीम पहुंची और टीम ने कुछ देर तक काम किया फिर शिकायत के समाधान में काम करते हुए की तस्वीरें अपलोड करते हुए समाधान दिखा दिया। मौके के फोटो अधिकारियों को व्हाट्स एप किए गए पर अधिकारियों ने स्थलीय निरीक्षण कराए बिना ही भरोसा किया। खामियाजा जनता अब तक भुगत रही है। अमर उजाला की स्थलीय पड़ताल में शनिवार को दोपहर यही हकीकत सामने आई।
यह मिले हालात
स्थान: ई, ब्लाक समय- दोपहर 1.30 बजे
एकता नगर ई ब्लाक के लोग सीवर का पानी सड़क पर होने की वजह से परेशान हो रहे हैं। बाबा नागेश्वर नाथ मंदिर की ओर जाने वाले इस मार्ग पर खोने में सीवर का गड्ढा खोदकर डाल दिया गया। इसके आगे सीवर का पानी बह रहा है। बदबू की वजह से आसपास के लोगों को रहना दुश्वार हो गया।
स्थान- सी ब्लाक समय- दोपहर 1.35 बजे
एकतानगर में चाचा नेहरू पार्क के सामने वाले इलाके में आठ महीने से सीवर का पानी सड़क पर बह रहा है। लोगों ने बताया कि नगर निगम के जलकल विभाग से कर्मचारी आते हैं और सीवर के डिप खोलकर बांस से सफाई करते हैं फिर चले जाते हैं लेकिन समस्या जहां की तहां है। लोग दिक्कत झेल रहे हैं। ब्यूरो
वैसे तो टीम भेजकर सीवर लाइन सही कराई गई थी, लेकिन अगर फिर से कहीं कोई दिक्कत है तो मौके पर दिखवाएंगे। - अजीत सिंह, जलकल के सहायक अभियंता
सीएम ग्रिड योजना के काम को रफ्तार दी जा रही है। सड़कों और सीवर का सिस्टम ऐसा हो जाएगा कि लोग मिसाल दिया करेंगे। कहीं कोई दिक्कत है तो उसे फिर से ठीक कराएंगे।
लोगों की बात
मैंने और आसपास के लोगों ने नगर निगम तक जाकर शिकायत की। मौके प र कर्मचारी आए। दिखावा करके चले गए। हम लोग झेल रहे है। कोई सुनने वाला नहीं है। डॉ. सीपी सिंह, सी ब्लाक
सीवर का पानी सड़क तक आया फिर हमारे घर की रसोई तक घुसा। आप ही बताएं कहीं ऐसा होता है क्या। बार बार शिकायत करने के बाद भी समाधान का इंतजार करना पड़ रहा है। कहींं न कहीं लापरवाही है। मंजू देवी, ई ब्लाक
पार्क के बाहर गंदगी का ढेर, पेड़ों की नहीं हो सकी छंटाई
चाचा नेहरू पार्क के बाहर मुख्य मार्ग पर गंदगी और मलबे का ढेर है। पार्क में पेड़ बड़े हो गए। डालियां टूट कर गिर रहीं हैं। आने जाने के दौरान चोट लगने का खतरा है। नगर निगम को लोगो ने फोन किया पर कुछ नहीं हो सका। इससे लोगों में रोष है। पर्यावरण अभियंता राजीव कुमार राठी का कहना है कि दिवाली बाद पार्क को ठीक कराएंगे।