चौकी चौराहे पर पहुंची सीवर की खोदाई।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
पानी की लाइन टूटने से दोपहर बाद रोक दिया गया काम
बरेली। सीवर ट्रंक की खोदाई अब चौकी चौराहा तक पहुंच गई है। एक तरफ बेरीकेडिंग हो जाने के कारण यहां जाम लगना शुरू हो गया है। खोदाई चलने तक यहां रोजाना अब जाम की समस्या झेलनी पड़ेगी। बुधवार को खोदाई के दौरान पानी की एक पाइप लाइन टूट जाने से दोपहर बाद कुछ देर के लिए काम रोक दिया गया। वहीं, अब दामोदर पार्क के पीछे वाला रास्ता खोल दिया गया है, जिससे लोगों को कुछ राहत मिली।
चौपुला की ओर से सीवर ट्रंक की खोदाई करीब पंद्रह दिन पहले दामोदर पार्क तक पहुंच गई थी। इसके बाद यहां काम रोक दिया गया था। बुधवार से फिर यहां से खोदाई शुरू कर दी गई है। दामोदर पार्क के आगे खोदाई करने के बाद लाइन डालकर उसे बंद कर दिया गया। इससे यहां का रास्ता कुछ ही देर में लोगों के लिए खोल दिया गया। अब खोदाई चौकी चौराहे की ओर आगे बढ़ गई है। जिस कारण बेरीकेडिंग कर एक तरफ का रास्ता बंद कर दिया गया है। एक-दो दिनों यह खोदाई चौराहे तक पहुंच जाएगी।
जल निगम एक्सईएन संजय कुमार ने बताया कि खोदाई के दौरान यहां लोगों को सहूलियत दी जाएगी। पटेल चौक से चौपुला तक सड़क निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा। इसी तरह कालीबाड़ी पर भी सिर्फ दो से तीन दिनों का काम बचा है। इसके बाद वहां भी निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा। यहां खोदाई के बाद लोगों के निकलने के लिए रास्ता भी तैयार करते रहेंगे। इससे लोगों को परेशानी नहीं होगी।