गड्ढे के आसपास नहीं की है बैरिकेडिंग, गिर चुका है ई-रिक्शा
बरेली। पटेल चौक पर करीब दो माह से सड़क के दोनों छोर पर गहरा गड्ढे खोदकर छोड़ दिए हैं। इसके बाद से यहां काम बंद है। गड्ढों के आसपास बैरिकेडिंग भी नहीं की गई है। इससे आए दिन हादसे हो रहे हैं। मंगलवार को एक ई-रिक्शा भी गड्ढे में गिर गया था।
शहर में सीव लाइन बिछाने के लिए दो साल से खोदाई का काम चल रहा है। खोदाई में विभागीय लापरवाही लोगों पर भारी पड़ रही है। पटेल चौक पर सीवर लाइन बिछाने के लिए खोदाई का काम दो महीने से बंद है। नगर निगम दफ्तर की ओर आने वाले रास्ते की तरफ दो माह से गड्डा खुदा पड़ा है। उसे बंद कर अब तक सड़क नहीं बनवाई गई है। पटेल चौक से चौपुला की ओर जाने वाली सड़क पर भी गड्डा खोदकर छोड़ दिया गया है। इस समय लॉकडाउन में यातायात कम है, नहीं तो ये गड्ढे बड़े हादसे का कारण बन जाते। मंगलवार को गड्ढे में एक ई-रिक्शा गिर गया था। गनीमत रही कि उस वक्त में उसमें यात्री सवार नहीं थे। जल निगम एक्सईएन संजय कुमार ने बताया कि अभी वहां कुछ काम बाकी है। गड्ढों की बैरिकेडिंग करा दी जाएगी।