मुरादाबाद जाने वाली अपलाइन पर सात घंटे के मेगा ब्लॉक से ट्रेनों का संचालन लड़खड़ा गया। देहरादून, वाराणसी, पटना, लखनऊ रूट की प्रमुख सात ट्रेनों को निरस्त करके रेलवे ने यात्रियों को भटकने पर मजबूर कर दिया। गोरखपुर के सुनील का परिवार रविवार को जंक्शन पर परेशान मिला। एयरफोर्स गेट के पास उनके रिश्तेदार की मौत होने पर बरेली आया परिवार वापस गोरखपुर जाना चाहता था, लेकिन दोपहर से ट्रेन उपलब्ध नहीं होने से सर्दी में ठिठुरने पर मजबूर हो गया। यह हाल सिर्फ सुनील का नहीं था, ऐसे दर्जनों परिवार थे, जो रेल यातायात से मायूस होकर रोडवेज बसों से गंतव्य को गए। बाहर आकर फंसे परिवारों के अतिरिक्त अमूमन यात्रियों से हमेशा खचाखच भरा रहने वाला जंक्शन पर रविवार को सन्नाटा पसरा रहा। बरेली-रामपुर के बीच धनेटा स्टेशन के पास बने 118 साल पुराने पुल संख्या 1076 पर शनिवार को मरम्मत कराने के बाद रेलवे ने रविवार को फिर सुबह नौ बजे से सात घंटे का मेगा ब्लॉक दिया। अप लाइन पर ब्लॉक होने के बाद डाउन लाइन पर दबाव बढ़ गया। रेलवे ने रविवार को दरभंगा से अमृतसर जाने वाली जननायक एक्सप्रेस, कोलकाता से जम्मूतवी जाने वाली सियालदाह एक्सप्रेस और मालदा टाउन से नई दिल्ली जाने वाली मालदा टाउन एक्सप्रेस को बदले रूट से चलाया गया। ये तीनों ट्रेन रविवार को बरेली जंक्शन नहीं आई।
118 साल पुराने पुल के बदले गए गार्डर
मुरादाबाद- लखनऊ रेल मार्ग पर धनेटा रेलवे स्टेशन के पास स्थित 118 साल पुराने जर्जर पुल पर रविवार को सात घंटे 60 कर्मचारी लगाकर गार्डर बदले गए। इस बीच रेल प्रशासन ने बरेली और मुरादाबाद के बीच सात घंटे ट्रेनों का संचालन बंद रखा। लखनऊ से आने वाली तीन ट्रेनें चंदौसी होकर मुरादाबाद पहुंचीं, जबकि मालगाड़ी को रोक दिया गया था। मुरादाबाद से बरेली जाने वाली ट्रेनों के संचालन पर कोई असर नहीं पड़ा। मंडल रेल प्रबंधक अजय कुमार सिंघल ने बताया कि बरेली और रामपुर के बीच स्थित धनेटा के पास 118 साल पुराना पुल है। इस पुल के गार्डर जर्जर हो गए थे। रविवार को चार गार्डर बदल दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक चले गार्डर बदलने के कार्य में 60 कर्मचारी लगे। डीआरएम एके सिंह ने मौके पर जाकर अपनी मौजूदगी में कार्य कराया।
कैंट उतरे यात्रियों से हुई मनमानी वसूली
जननायक, सियालदाह और मालदा टाउन के बरेली जंक्शन के स्थान पर बरेली कैंट से रामगंगा-चंदौसी के रास्ते मुरादाबाद जाने का डायवर्जन दिया था। बरेली कैंट पर बड़ी संख्या में यात्रियों को उतरना पड़ा। सुविधाओं के अभाव में ट्रेनों से उतरे यात्रियों से ऑटो और टेंपो चालकों ने मनमाना किराया वसूला।
त्रिवेणी, जनसेवा और सियालदाह को पीछे के स्टेशनों पर ठहराया
सिंगरौली से बरेली आने वाली 14369 त्रिवेणी एक्सप्रेस, सहरसा से अमृतसर जाने वाली 13211 जनसेवा एक्सप्रेस सहित कई मालगाड़ियों को तिलहर, बंथरा और शाहजहांपुर आदि स्टेशनों पर दो से तीन घंटे तक रोका गया। 13152 सियालदाह एक्सप्रेस को भी तीन घंटे तक रोकना पड़ा।
सात ट्रेनों को किया गया निरस्त
14236 काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस
14308 मुगलसराय एक्सप्रेस
15210 जनसेवा एक्सप्रेस
12548 डबल डेकर सुपरफास्ट
14266 जनता एक्सप्रेस
14004 फरख्खा एक्सप्रेस
14208 पदमावत एक्सप्रेस
ब्लॉक से लेट होने वाली कुछ गाड़ियां
डाउन लाइन
15910 अवध असम 12 घंटे लेट।
13152 सियालदाह एक्सप्रेस 3:30 घंटा लेट।
12588 अमरनाथ एक्सप्रेस पांच घंटा लेट।
अप लाइन
15909 लालगढ़ अवध असम एक्सप्रेस नौ घंटा लेट।
15903 डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस 11 घंटे लेट।
13005 पंजाब मेल दो घंटे लेट।
12491 मोरध्वज सुपरफास्ट चार घंटे लेट।
मीरानपुर कटरा पर बदले गए प्वाइंट
फतेहगंज पूर्वी। बरेली-शाहजहांपुर रेल खंड पर दोपहर एक बजे मीरानपुर कटरा स्टेशन के पास दो घंटे का अपलाइन पर ब्लाक लिया गया। इंजीनिरिंग टीम ने ट्रैक के प्वाइंट बदले जाने का कार्य शुरू किया। जब दो घंटे में मरम्मत पूरी नहीं हो सकी, एक घंटे का अतिरिक्त समय लेकर शाम चार बजे तक काम किया गया।
कोट -- फोटो
ट्रेन नहीं होने पर अलीगढ़ से बस से बरेली पहुंचा। यहां लखनऊ जाने की ट्रेन का इंतजार कर रहा हूं। बता रहें है कि चार घंटे लेट है।
- मोहम्मद हामिर, शाहजहांपुर
गोरखपुर जाना था। आज ट्रेनें नहीं चल रही। दोपहर बाद शाम को जम्मू तवी आई, लेकिन जगह नहीं मिली। अब जंक्शन पर ही है, देखते हैं कोई ट्रेन मिले तो घर को निकले।
- सुनील कुमार, गोरखपुर
सत्याग्रह से जाना था, दो घंटे से जंक्शन पर बैठा हूं। कब आएगी, कहां पर है ट्रेन। बताने वाला कोई नहीं है। मेरे साथ के यात्री तो बस अड्डे चले गए।
- राजेश, गोरखपुर
नौकरी ज्वाइन करने के लिए लखनऊ जाना है। दिन में ट्रेनें चली नहीं। ट्रेन रात में आठ बजे आनी थी, लेकिन जंक्शन आने पर पता चला कि तीन घंटा लेट है।
- अजीम, बड़ी बिहार