बरेली जिले में अपराधों की रोकथाम और संगठित अपराधियों की गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के लिए एसएसपी अनुराग आर्य ने बड़ी कार्रवाई की है। सात सक्रिय आपराधिक गिरोहों के कुल 37 बदमाशों के गैंग पंजीकृत किए हैं। इन गिरोहों में महिला संबंधी अपराध, गोकशी, हत्या की कोशिश, लूटपाट और मादक पदार्थ तस्करी जैसे गंभीर मामलों के आरोपी शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक, अभियुक्त और गिरोह सरगना अपने साथियों के साथ मिलकर आर्थिक और भौतिक लाभ अर्जित करने के उद्देश्य से समाज विरोधी गतिविधियों को अंजाम दे रहे थे। पुलिस रेगुलेशन में निहित प्रावधानों के अंतर्गत जिला स्तर पर विभिन्न थानों से जुड़े सात गैंग पंजीकृत किए गए हैं। इन गिरोहों में थाना नवाबगंज, भोजीपुरा, भमोरा और कैंट क्षेत्र के अपराधी शामिल हैं।
गिरोहों में ये हैं बदमाश
मुन्ने, मुर्तजा, जीराज, अनुज कुमार उर्फ अमन, राहुल गिहार, आहिद खां और मोहम्मद रजा उर्फ गुड्डू को इन गिरोहों का सरगना बनाया गया है। इनके साथ विमलेश, बाबू उर्फ आबिद, नसीम, राशिद, आरिफ, अनीस बाबू, अकरम, फूल सिंह, सतेन्द्र, दीपक, सुनील, नरवीर, जोगेन्द्र, विवेक सिंह, भूपेंद्र सिंह यादव, अंशुल गोस्वामी, बन्टी, फहीम उर्फ गुड्डू, जगदीश, सुरेन्द्र गंगवार, नरेंद्र उर्फ नंदू, संदीप, वासिद, प्रभाकर त्रिपाठी, विजय कुमार, धर्मवीर, जिया उल मुस्तफा, नईम खां, मोहम्मद शफीक और सुनील चौहान उर्फ मास्टर को सदस्य के रूप में नामजद किया गया है।
संगठित अपराध पर अंकुश लगाने की पहल
एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि गैंग पंजीकरण के बाद इन गिरोहों में शामिल सभी अपराधियों के विरुद्ध उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम के अंतर्गत विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। स्पष्ट किया है कि संगठित अपराध पर अंकुश लगाने के लिए यह अभियान निरंतर चलाया जा रहा है।