पढ़ाई के बहाने घर से अलग रहकर किराए के मकान में नकली शराब की फैक्टरी चला रहे छात्रों के ठिकानों पर पुलिस ने छापा मारा। पुलिस ने तीन छात्रों समेत छह को गिरफ्तार किया। सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने सात लोगों को गिरफ्तार किया था, लेकिन एक छात्र को थाने से छोड़ दिया। तस्करों से पुलिस ने ब्रांडेड शराब की बोतलें, रेपर, होलोग्राम, ढक्कन, कच्ची शराब समेत बनाने के उपकरण बरामद किए। एसपी सिटी की प्रेसवार्ता के बाद आरोपियों को जेल भेजा गया। सभी आरोपी बालिग हैं।
होली से पहले लगातार शहर में कई बार नकली शराब का जखीरा पकड़ा जा चुका है। तस्करों में ज्यादातर युवा हैं जो अपने भविष्य को ताक पर रखकर धंधे में उतर गए हैं। कोतवाली पुलिस ने सोमवार देर रात पीलीभीत बाईपास के एक मकान में छापा मारा। यहां किराए पर रहकर छात्र नकली शराब की फैक्टरी चला रहे थे। पुलिस ने छह तस्करों को गिरफ्तार किया। इनमें तीन छात्र हैं।
बाकी तीन सप्लायर शहर में ठेकों और ग्राहकों तक शराब पहुंचाते थे। इनकी पहचान बीकॉम दूसरे वर्ष का छात्र बिथरी चैनपुर निवासी सौरभ, ग्यारहवीं का छात्र दुर्गानगर निवासी शानू उर्फ राहुल और दसवीं का छात्र कैंट के झील गौंटिया निवासी यशवीर उर्फ अंशु, संजय नगर निवासी विपिन, कैंट के पुराना मोहनपुर निवासी विवेक और विनोद के रूप में हुई। कोल्डड्रिंक सप्लायर होने के कारण विवेक की मार्केट में अच्छी पकड़ है।
आरोपियों ने बताया कि फरीदपुर निवासी एक तस्कर उन्हें ब्रांडेड शराब की बोतलें, ढक्कन, और बाकी कच्चा माल लाकर देता था। सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने पहले चार छात्र समेत सात को गिरफ्तार किया था। सातों तस्करों को पुलिस थाने भी लाई, लेकिन गोपाल नगर निवासी बीए द्वितीय वर्ष के छात्र को बाद में छोड़ दिया। एक आरोपी ने बताया कि उसी ने उन्हें कमरा किराए पर दिलाया था। कोतवाली पुलिस ने गुडवर्क अपने इलाके में जिला जेल के खंडहर क्वार्टर से दिखाया है।
ये मिला तस्करों के पास
- पुलिस ने इनसे आरएस ब्रांड के 25 खाली क्वार्टर, 18 खाली और चार भरे हॉफ, सात खाली और 18 भरी बोतलें, मैकडावल के नौ खाली क्वार्टर और 43 रेपर, ब्लेंडरप्राइड के आठ खाली क्वार्टर, आरसी की खाली बोतल, 80 लीटर कच्ची शराब, इंपीरियल ब्लू ब्रांड के छह रेपर, एक थैली ढक्कन के अंदर की पैकिंग, चार थैली ढक्कन, बड़ी तादात में होलोग्राम और स्टीकर बरामद किए। पुलिस ने इनसे 315 बोर का एक तमंचा, दो कारतूस और एक खोखा भी बरामद किया।
दबिश देकर छात्रों व अन्य तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। धंधे के तार बारादरी क्षेत्र से जुड़े बताए जा रहे हैं। इस पर बारादरी थाना प्रभारी को चेतावनी दी गई है, कोतवाली पुलिस ने सराहनीय कार्य किया है।
- अभिनंदन सिंह, एसपी सिटी