अंतिम चरण में है पुल का निर्माण, एप्रोच रोड के लिए मिट्टी का काम भी पूरा
बरेली। रामगंगा में जलस्तर बढ़ने के साथ ही सेतु निगम ने निर्माणाधीन पुल का काम तेजी से निपटाना शुरू कर दिया है। सेतु निगम के अधिकारियों का कहना है कि काम अंतिम चरण में हैं। पुल के निर्माण का काम खत्म होने के बाद एप्रोच रोड का निर्माण शुरू करा दिया जाएगा।
एप्रोच रोड के लिए बारिश से पहले ही पीडब्लूडी मिट्टी का पटान करा चुका है, ताकि बारिश में मिट्टी अच्छी तरह सेट हो जाए। शासन ने वर्ष 2016 में रामगंगा पर पुराने पुल के बराबर ही 670.88 मीटर लंबे नए पुल के निर्माण की स्वीकृत दी थी। पुलिस के लिए स्वीकृत कुल बजट 46.33 करोड़ रुपये मार्च-अप्रैल में ही खर्च हो गया था। तब सेतु निगम के अधिकारियों ने करीब 63.21 करोड़ का संशोधित एस्टीमेट शासन को भेजा था। इसकी स्वीकृति न मिलने से पुल का काम करीब छह माह ठप रहा। बाद में शासन ने संशोधित एस्टीमेट में 59 करोड़ के बजट को मंजूरी दे दी। सेतु निगम के डीपीएम वीके सेन का कहना है कि पुल का 90 फीसदी काम पूरा हो चुका है।