बरेली। इज्जतनगर के लाजपतनगर की रहने वाली 23 वर्षीय अनुष्का मिश्रा ने अपना नाम गिनीज बुक ऑफ लंदन में दर्ज कराया है। उन्होंने अपने सालों के कठिन परिश्रम से 35 मिनट तक निद्रा या गर्भासन आसन करने में सफलता पाई है।
वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने की इस प्रतियोगिता का आयोजन देहरादून में आठ से 10 अप्रैल तक हुआ। अनुष्का ने बताया कि उनके चाचा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर योग में प्रतिभाग कर चुके हैं। बचपन से वही प्रेरणा रहे। उनसे ही योग सीखती रहीं। जब सातवीं कक्षा में पहुंचीं तो पहली बार प्रशिक्षण देने के लिए शरीफ नगर स्थित जवाहरलाल नेहरू इंटर कॉलेज में बुलाया गया।
इसके बाद से वह लोगों को प्रशिक्षण दे रही हैं। वह बताती हैं कि यदि योग ठीक से करते हैं तो बीमारी पास नहीं आती। हाल में अनुष्का का चयन केंद्रीय विद्यालय में योग प्रशिक्षक के रूप में हुआ है। वह इन दिनों हरिद्वार के गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय हरिद्वार से एमए योग की पढ़ाई कर रही हैं।