आबकारी दुकानों की लाटरी सिस्टम से ऑनलाइन नीलामी साफ्टवेयर सर्वर से कनेक्ट न होने की वजह से नहीं हो पायी। आवेदक सुबह से ही कलक्ट्रेट परिसर में जमें दुकान आवंटन का इंतजार करते रहे। रात 10.30 बजे आवंटन निरस्त होने की खबर आई। आवेदक मायूस होकर घर लौट गए।
अंग्रेजी और देसी शराब की दुकानों की नीलामी के लिए आवेदन ऑनलाइन लिए गए थे। जिले में 526 शराब की दुकानों की नीलामी की प्रक्रिया चल रही है। इनका लाटरी सिस्टम से ऑनलाइन आवंटन लखनऊ से होना था। आवंटन का लाइव टेली कास्ट दिखाने के लिए प्रशासन ने कलक्ट्रेट परिसर में इंतजाम किए थे। आवेदकों के बैठने के लिए बड़ी संख्या में डीएम दफ्तर के निकट टेंट लगवाकर कुर्सियां डलवाई गईं। आवेदकों को बृहस्पतिवार दोपहर दो बजे तक आवंटन होने की उम्मीद थी, मगर सर्वर आबकारी विभाग के साफ्टवेयर से कनेक्ट नहीं हो पाया। इसके चलते लाइव टेलीकास्ट में बाधा आई। देर रात तक आवेदक कलक्ट्रेट में ही जमे रहे। लखनऊ से रात 10.30 बजे आवंटन निरस्त होने की सूचना आई। अब नौ या 10 मार्च को शराब की दुकानों की नीलामी लाटरी सिस्टम से की जाएगी। आवेदकों को उसका लाइव प्रसारण दिखाया जाएगा।