बरेली। नगर निगम में स्वकर के फार्म फिर जमा होने लगे हैं। अगर आपको कर निर्धारण पर आपत्ति है तो अपने घर-प्रतिष्ठान के टैक्स का दोबारा मूल्यांकन कराने के लिए 30 जून तक आवेदन कर सकते हैं।
वित्तीय वर्ष 2024-25 में जीआईएस सर्वे के बाद जारी हुए टैक्स के बिलों में बहुत सी त्रुटियां सामने आईं। निस्तारण के लिए 31 मार्च 2025 तक आपत्तियां ली गईं और स्वकर के फार्म भी जमा कराए गए। इसके बावजूद सभी आपत्तियों का निस्तारण नहीं हो सका। इसलिए 28 अप्रैल को हुई नगर निगम कार्यकारिणी समिति की बैठक में स्वकर फार्म की अवधि बढ़ाने का फैसला लिया गया था।
मुख्य कर निर्धारण अधिकारी प्रदीप कुमार मिश्रा ने बताया कि अवधि बढ़ने से करदाताओं को त्रुटियां दूर कराने का एक और अवसर मिल गया है। अगर आप नए सिरे से कर निर्धारण कराना चाहते हैं तो स्वकर का फार्म जमा करें। आपके ब्योरे के मुताबिक कर का निर्धारण कर दिया जाएगा।
अगर आपने टैक्स से बचने के लिए इसमें कोई गलत जानकारी दी तो भविष्य में जुर्माना समेत कर का अंतर वसूल किया जाएगा। ब्यूरो