फरीदपुर। पुलिस से परेशान एक युवक ने परिवार सहित फरीदपुर कोतवाली में आत्मदाह करने की कोशिश की। वहां मौजूद पुलिस कर्मियों ने युवक को पकड़कर हिरासत में ले लिया। इसके बाद कार्रवाई का आश्वासन देते हुए दो महिलाओं का शांतिभंग में चालान कर दिया।
फरीदपुर के मोहल्ला नई बस्ती निवासी वीरपाल की पत्नी गुड्डी ने दो दिन पूर्व फोन करके कोतवाली पुलिस को घर में पथराव करने की सूचना दी थी। पुलिस मौके पर आई और कामेश चौहान के परिवारवालों को हड़का कर चली गई। मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे गुड्डी ने फिर कोतवाली पुलिस और यूपी 112 को घर में पथराव करने की सूचना दी। इसके बाद पहुंची पुलिस ने फिर कामेश के परिवार की महिलाओं से बदसलूकी की। पुलिस की अभद्रता से परेशान कामेश पत्नी और बच्चों के साथ शाम करीब तीन बजे मिट्टी का तेल लेकर कोतवाली पहुंच गए। मिट्टी का तेल अपने ऊपर डालकर आत्मदाह की कोशिश की। कोतवाली में मौजूद सिपाहियों ने दौड़कर कामेश को पकड़ लिया। घटना से कोतवाली में खलबली मच गई। पुलिस ने कामेश को हिरासत में ले लिया। कामेश के मुताबिक उसके परिवार का वीरपाल की पत्नी से कोई लेना देना नहीं है। पूरा मोहल्ला उसके खिलाफ है। इसके बाद भी पुलिस उसके घर आकर गाली गलौज करती है। कहा कि वह ड्राइवर है और रोज सुबह चला जाता है। पुलिस को मामले की जांच करके ही कोई कदम उठाना चाहिए था। झूठी शिकायत पर ही मोहल्ले में बेइज्जती को सहन नहीं किया जा सकता है। इसके बाद पुलिस ने गुड्डी और मोहल्ले की ब्रजवाला का शांतीभंग में चालान कर दिया।
आत्मदाह की कोशिश की वीडियो पुलिस ने कराई डिलीट
घटना के वक्त कोतवाली में मौजूद एक पत्रकार ने कामेश की मिट्टी का तेल छिड़कते हुए वीडियो बना ली। पुलिस को जानकारी हुई तो दबाव बनाकर मोबाइल से करीब तीन मिनट की वीडियो डिलीट करा दी।
शिकायत पर पुलिस मौके पर गई थी। महिला कई बार पत्थर फेंकने की शिकायत कर चुकी है। पुलिस ने किसी भी महिला के साथ कोई गाली गलौज नहीं की। कामेश ने बच्चों के साथ कोतवाली के बाहर मिट्टी का तेल डाल लिया था। पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। पूछताछ कर रही है। गुड्डी और ब्रजवाला का शांतिभंग में चालान कर दिया है। - अभिमन्यु मांगलिग, एएसपी