सुसाइड नोट में बयां की प्रेमिका को हासिल न कर पाने की टीस
बरेली। सिविल लाइंस स्थित सर्किट हाउस कॉलोनी में रहने वाले पीडब्ल्यूडी सुपरवाइजर के बेटे का शव शुक्रवार सुबह उसके कमरे में फंदे से लटका मिला। इससे परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मौके से मिले सुसाइड नोट में प्यार के अंजाम तक न पहुंचने की वजह से जिंदगी से तंग आने की बात लिखी है।
कोतवाली क्षेत्र स्थित सर्किट हाउस कॉलोनी निवासी पीडब्ल्यूडी में सुपरवाइजर रमाशंकर ने बताया कि उनका 28 वर्षीय बेटा शिवम सिविल लाइंस में एक फर्म में गार्ड की नौकरी करता था। शुक्रवार सुबह वह ड्यूटी जाने के लिए नहीं उठा तो वह उसके कमरे में पहुंचे। कमरे के दोनों दरवाजे बंद थे। खटखटाने पर भी कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई तो उन्होंने आसपास को लोगों को इकट्ठा कर दरवाजा तुड़वाया तो कमरे में शिवम का शव साड़ी के फंदे से लटका था। यह देख परिवार में कोहराम मच गया। विवाद के चलते शिवम की पत्नी करीब दो महीनों से मायके में रह रही थी। एक परिचित ने बताया कि शिवम इलाके की ही एक युवती को पसंद करता था। मौके से पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला। इसमें लिखा है कि शादी से पहले वह एक युवती से प्यार करता था, लेकिन अपने प्यार को अंजाम तक नहीं पहुंचा सका।