नवाबगंज। ग्राम प्रधानों ने विकास कार्यों के नाम पर 10 प्रतिशत कमीशन मांगने का आरोप सचिवों पर लगाया है। नाराज प्रधानों ने ब्लॉक सभागार में बैठक दो सचिवों के साथ किसी भी हाल में काम न करने का एलान कर दिया। इसके बाद ब्लॉक प्रमुख के प्रतिनिधि डॉ. एके गंगवार और बीडीओ महेश चंद्र शाक्य ने सचिवों को चेतावनी दी है।
विकास खंड नवाबगंज के ग्राम प्रधान सचिवों के कमीशन मांगे जाने से काफी परेशान हैं। चार दिन पहले भी कई प्रधानों ने ब्लॉक प्रमुख के प्रतिनिधि से भेंटकर शिकायत की थी। इस पर उन्होंने सोमवार को ब्लॉक सभागार में बैठक बुलाई। इसमें पहुंचे प्रधान संघ के अध्यक्ष लाल बहादुर गंगवार, हरपाल, प्रेम शंकर गंगवार, श्यामाचरण, मोर सिंह, अनिल कुमार, नदीम, भूरेलाल दिवाकर, हेतराम सागर सहित कई प्रधानों ने भाग लिया।
बैठक में कमीशन मांगने वाले दो सचिवों के साथ काम करने से इन्कार कर दिया। इस पर बीडीओ महेशचंद्र शाक्य, ब्लॉक प्रमुख के प्रतिनिधि एके गंगवार ने सचिवों को कार्य में सुधार लाने और ईमानदारी के साथ काम करने को कहा। सुधार न होने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी है।
प्रधानों ने सचिवों पर कमीशन मांगने के आरोप लगाया है। मामले की जांच कराई जाएगी और रिपोर्ट बनाकर उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी। विकास कार्यों का पैसा सिर्फ विकास में ही लगेगा। -महेशचंद्र शाक्य, बीडीओ, नवाबगंज