छोटी दिवाली पर खेला था जुआ, दो जुआरी गिरफ्तार
भुता (बरेली)। गांव परेवा कुइयां में छोटी दिवाली पर बुजुर्ग रोशनलाल की हत्या जुआरियों ने ही की थी। पुलिस ने संदेह के आधार पर रोशनलाल के साथ जुआ खेलने वाले दो लोगों को पकड़ा तो उन्होंने हत्या की बात कबूल कर ली। आरोपियों ने बताया कि रोशनलाल जुए में मोटी रकम जीत गए थे जिसे उन्होंने उसकी हत्या कर लूट लिया था।
गांव परेवा कुइयां में शुक्रवार रात 65 वर्षीय रोशनलाल की हत्या उन्हीं के घर में गोली मारकर कर दी गई थी। पुलिस को गांव वालों ने बताया कि रोशनलाल जुआ खेलने के आदी थे। घटना वाली रात भी उनके घर में जुआ चल रहा था। इसके बाद पुलिस ने जुआरियों की धरपकड़ शुरू की तो घटना का खुलासा हो गया। सीओ आलोक अग्रहरि ने बताया कि परेवा कुइयां के ही बनवारी और शाहजहांपुर के जैतीपुर थाने के गांव मरैना के अभय सक्सेना को गिरफ्तार किया गया है। दोनों रोशनलाल के परिचित थे और अक्सर साथ में जुआ खेलते थे। शुक्रवार को रोशनलाल बटाईदार से आठ हजार रुपये लेकर आया था। शाम ढले इन लोगों ने रोशनलाल के घर में बैठकर जुआ खेला तो उसने इनसे करीब पांच हजार रुपये जीत लिए।
रोशनलाल ने ही बातों-बातों में आठ हजार रुपये घर में होने का भी जिक्र कर दिया। रकम हारने के बाद दोनों चले गए लेकिन रात में रोशनलाल के घर से रकम चुराने के लिए दोबारा पहुंचे। अंधेरे में रकम की तलाश करने के दौरान घर में सो रहा रोशनलाल जाग गया और उन्हें पहचानकर रिपोर्ट लिखाने की धमकी देने लगा। इस पर उन्होंने उसे गोली मार दी। थानाध्यक्ष वेदपाल ने बताया कि घटना में इस्तेमाल तमंचा भी बरामद कर लिया गया है।