बरेली। संपत्ति विभाग ने 15 प्रतिष्ठानों पर सीलिंग की कार्रवाई की है। इसमें से 11 ने कर जमा कर दिया है। वहीं कर विभाग ने आधा कर जमा करने वालों के प्रतिष्ठानों की सील को खोलकर 31 मार्च तक बकाया जमा करने की चेतावनी दी है। वहीं सरकारी और निजी बकायेदारों को नोटिस जारी किए गए हैं।
मुख्य कर निर्धारण अधिकारी प्रदीप कुमार मिश्र ने बताया कि नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य के निर्देश पर बकायेदारों से संपत्ति कर वसूलने के लिए अभियान लगातार जारी है। शनिवार को जोन एक व तीन में कार्रवाई की गई है। इसमें बमनपुरी के 1.64 लाख के बकायेदार मोहम्मद अख्तर, 1.56 लाख के बकायेदार फजल अहमद, 21 हजार से अधिक बकायेदार शब्बीर हुसैन पर सीलिंग की कार्रवाई की गई है। वहीं जोन तीन में जगतपुर की आशा बेगम 1.17 लाख बकाया होने पर उनके भवन को सील कर दिया गया।
सीलिंग की कार्रवाई से 8.35 लाख तक की वसूली
सीलिंग की कार्रवाई के दौरान पहुंची टीम ने 8.35 लाख की वसूली की है। इसमें गढ़ैया 1.47 लाख के बकायेदार मो. आतिक ने 50 हजार, बमनपुरी के एक लाख के बकायेदार रामकुमार ने 60 हजार, किला छावनी में 1.58 लाख के बकायेदार राममूर्ति एंड संस 50 हजार, कटरा चांद खां के 4.25 लाख के बकायेदार एंटा सोडा सिंडिकेट 75 हजार, सूफीटोला में 2.25 लाख के बकायेदार मोतीराम ने एक लाख, बजरिया इनायत गंज में 2.14 लाख के बकायेदार टेलर मास्टर ने 60 हजार, 1.39 के बकायेदार महबूब अली ने 70 हजार, डेढ़ लाख के बकायेदार आकाशपुरम के हरिचरण ने एक लाख, 1.28 लाख के बकायेदार नवादा शेखान के विजेंद्र सिंह ने 40 हजार और 66 हजार के बकायेदार नक्षत्र पाल सिंह ने 20 हजार जमा कराए हैं। वहीं मोइन खान ने एक लाख से अधिक की रकम अदा की है।
आज भी खुलेगा प्रॉपर्टी टैक्स काउंटर, जमा होंगे बिल
31 मार्च तक अवकाश के दिन भी नगर निगम के कर विभाग खोला जाएगा। इसमें कर जमा के काउंटर समेत तमाम कार्य पूरे किए जाएंगे, जिसमें आपत्तियों का निस्तारण भी शामिल हैं। मुख्य कर निर्धारण अधिकारी प्रदीप कुमार मिश्र ने बताया कि अवकाश के दिन टैक्स विभाग खुलेगा और रविवार को भी करदाता टैक्स बिलों का भुगतान कर सकते हैं। संवाद