बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय में 14 अक्टूबर को 22वां दीक्षांत समारोह आयोजित किया जाएगा। इस पर राजभवन से मुहर लग चुकी है। ऐसे में तैयारियां तेज करते हुए व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी 27 समितियों के संयोजकों को दी गई है।
राजभवन से हरी झंडी मिलने के बाद मंगलवार को विवि के समिति कक्ष में कुलपति प्रो. केपी सिंह ने बैठक की। इसमें समारोह की तैयारियों के संबंध में चर्चा की गई। विभिन्न दायित्वों के लिए समितियों का गठन हुआ। इसमें पदक व ड्रेस कोड समिति, उद्घाटन या शिलान्यास समिति, स्वागत समिति, आयोजन स्थल व मंच पर कुर्सी-सोफा, फाइल, स्मृति चिह्न, मुद्रण सामग्री की व्यवस्था कमेटी, बुके, जल भराव, मंच सज्जा, राष्ट्रगान, कुलगीत की कमेटी बनाई गई।
इसके अतिरिक्त अनुशासन व्यवस्था, डिग्री वितरण, पत्र लेखन व्यवस्था कमेटी भी गठित हुई है। इनके संयोजकों को तैयारियों की लगातार अपडेट लेने व अगली बैठक में जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में परीक्षा नियंत्रक संजीव कुमार सिंह, वित्त अधिकारी विनोद कुमार, सभी संकायों व विभागों के अध्यक्ष उपस्थित रहे।
करीब 100 मेधावियों को मिलेगा पदक
मीडिया सेल प्रभारी डॉ. अमित सिंह के अनुसार अटल सभागार में रंगाई-पुताई का कार्य चल रहा है। वहीं पीएचडी उपाधि के लिए भी डाटा तैयार किया जा रहा है। इसमें करीब 100 मेधावियों को पदक दिए जाने हैं। राज्यपाल के अतिरिक्त अतिथि कौन होगा, इस पर जल्द निर्णय लिया जाएगा। पूर्व में 31 अगस्त को दीक्षांत समारोह होना प्रस्तावित था, लेकिन पुलिस भर्ती परीक्षा के चलते आयोजन तिथि में परिवर्तन किया गया। विगत वर्ष विवि की ओर से 79 टॉपर्स को पदक दिए गए थे। संवाद