बरेली। स्टेशन रोड पर विजय द्वार के पास प्राइवेट बस की टक्कर से स्कूटी सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त घायल हो गया। उसकी हालत भी नाजुक बनी हुई है। दोनों दोस्त मनौना धाम से खाटू श्याम के दर्शन कर लौट रहे थे। घटना के बाद चालक बस छोड़कर भाग गया।
किला थाना क्षेत्र के मोहल्ला कुंवरपुर निवासी कांता प्रसाद का बेटा अमन चंद्रा (22) शनिवार को खाटू श्याम मनौना धाम से दर्शन करके लौट रहा था। उसके साथ मोहल्ले का ही दोस्त सचिन रावत भी था। अपराह्न करीब तीन बजे कैंट के विजय द्वार के पास से गुजरते समय सामने से आ रही तेज रफ्तार प्राइवेट बस ने स्कूटी में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी व अमन काफी दूर तक घिसटते चले गए। उसके सिर में चोट लगी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। चालक बस छोड़कर भाग गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल सचिन को अस्पताल में भर्ती कराया, जबकि अमन के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बस तथा हादसे में क्षतिग्रस्त हुई स्कूटी को कब्जे में ले लिया है। अमन के घर की आर्थिक स्थिति भी ज्यादा ठीक नहीं है। पिता कांता प्रसाद ई रिक्शा चलाते हैं। अमन शादियों में खाना बनाने का काम करता था। वह घर में इकलौता बेटा था। उसकी दो बहने हैं। इनमें एक की शादी हो गई है। मां मधु व छोटी बहन का रो-रो कर बुरा हाल है।
जिस बस से टक्कर हुई वह लालफाटक होते हुए बदायूं रोड पर जाती है। कैंट की स्टेशन रोड खासी चौड़ी है। इस पर यातायात भी ज्यादा नहीं रहता ऐसे में प्राइवेट बस संचालक यहां तेजी से बसों को दौड़ाते हैं। इन्हें स्टेशन चौकी होते हुए सुभाष नगर थाने के सामने से चौपुला तक जाना होता है। वहीं इनका स्टैंड बनाया गया है। बस अड्डे पर पहले पहुंचने के लिए प्राइवेट व डग्गामार बस संचालक तेजी से वाहन चलाते हैं। इसी रफ्तार ने शनिवार को अमन की जान ले ली।