बरेली। अजमेर से किशनगंज के बीच चलने वाली 15716 गरीब नवाज एक्सप्रेस से स्कूटी गायब हो गई। शिकायत के बाद रेलवे ने जांच शुरू करा दी है। डीआरएम आरके सिंह ने भी मामले का संज्ञान लिया है। सीनियर डीसीएम आदित्य गुप्ता ने संबंधितों से रिपोर्ट मांगी है।
बरेली के हिमांशु गौतम ने 15 अप्रैल के लिए बरेली से बलिया के लिए गरीब नवाज एक्सप्रेस से स्कूटी पार्सल की थी। नियमानुसार उन्होंने सभी प्रक्रियाओं को पूरा किया और किराया भी दिया। उनके लिए रेलवे की ओर से पीआरआर नंबर- 4002234546 भी जारी किया गया। यह स्कूटी गंतव्य तक नहीं पहुंची।
गौर करने की बात यह है कि रेलवे की पार्सल सेवाएं भी काफी समय पहले ऑनलाइन हो चुकी हैं। इसके बाद भी हिमांशु की स्कूटी गरीब नवाज एक्सप्रेस से गायब हो गई। उन्होंने रेलवे के टोल फ्री नंबर 139 पर भी कई बार कॉल की, लेकिन समाधान नहीं निकला।
बरेली जंक्शन के सीनियर पार्सल बाबू अभिषेक शर्मा का कहना है कि जांच कराई गई है। स्कूटी बलिया में अनलोड की जानी थी, लेकिन वहां अनलोड नहीं हो सकी। इस संबंध में किशनगंज रेलवे स्टेशन के पार्सल विभाग में बात की गई है। संवाद