बरेली। जिले के कई माध्यमिक विद्यालय 10वीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों की मर्जी के विपरीत उन्हें 11वीं कक्षा में प्रवेश दे रहे हैं। साथ ही टीसी मांगने पर विद्यार्थियों से पूरे वर्ष की फीस भी मांगी जा रही है। इस संबंध में मंगलवार को डीआईओएस ने कार्रवाई करने की चेतावनी दी है।
जिला विद्यालय निरीक्षक देवकी सिंह की ओर से राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त व वित्तविहीन माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्यों को पत्र जारी किया गया है। इसके अनुसार डीआईओएस कार्यालय में ऐसी शिकायतें पहुंची हैं, जिनमें विद्यालय से हाईस्कूल परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद कक्षा 11वीं में छात्र-छात्रा की मर्जी के बिना प्रवेश कर लिया है।
11वीं में विद्यार्थी को विषय चयन करने के बाद प्रवेश दिया जाता है। कुछ विद्यालयों ने विद्यार्थियों की इच्छा के विपरित उपलब्ध विषयों के अनुसार उनका प्रवेश कर लिया है। ऐसे में जो विद्यार्थी टीसी लेना चाहते हैं। उनसे पूरे वर्ष का शुल्क मांगा जा रहा है। यह नियम विरुद्ध है।
अवैधानिक शुल्क लेने की शिकायत मिलने पर विद्यार्थी के भविष्य से खिलवाड़ मानते हुए संबंधित पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।