सीबीगंज (बरेली)। थाना पुलिस व एसएसपी की हेल्पलाइन टीम ने शहर के राधिका एन्क्लेव निवासी सौरभ मित्तल व गौरव मित्तल को गिरफ्तार कर लिया। दोनों से तीन किलो 900 ग्राम अफीम बरामद कर उन्हें जेल भेजा गया। दोनों उद्योगपति संजीव गर्ग से लूट व हत्या मामले के मुख्य आरोपी हैं। यह साढ़ू के बेटे हैं जिन्हें संजीव गर्ग ने अपने पास रखकर सहारा दिया था।
इंस्पेक्टर सुरेश चंद्र गौतम के मुताबिक बुधवार रात परसाखेड़ा चौकी प्रभारी हेमराज सिंह अपनी टीम के साथ झुमका तिराहे से गश्त करते हुए चौकी की तरफ आ रहे थे। उन्हें रोड नंबर तीन के पास दो लोग खड़े दिखाई दिए जो पुलिस को आता देख भागने की कोशिश करने लगे। बाद में पुलिस ने उन्हें घेराबंदी कर पकड़ लिया तलाशी के दौरान दोनों के पास अलग-अलग पॉलिथीन से तीन किलो नौ सौ ग्राम अफीम बरामद की गई। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर दोनोंं को जेल भेज दिया।
प्लाईवुड फैक्ट्री मालिक की हत्या के मुख्य आरोपी है दोनों सगे भाई
सौरभ व गौरव दोनों सगे भाई हैं जिनके उपनाम सोनू-मोनू हैं। यह दोनों परसाखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र के रोड नंबर चार स्थित महावीर इंडस्ट्रीज (प्लाईवुड फैक्टरी) में प्रबंधन के तौर पर काम देखते थे। फैक्टरी के मालिक संजीव गर्ग उनके मौसा थे। संजीव ने ही इनको अपने पास रखकर पढ़ाया लिखाया और कारोबार सिखाया। घोटाला करने पर संजीव गर्ग ने उन्हें फैक्टरी से निकाल दिया था। इसके बाद दोनों ने संजीव की हत्या करने योजना बना ली। 21 जनवरी वर्ष 2022 को फैक्टरी मालिक संजीव कुमार गर्ग को भाड़े के बदमाशों से मिलकर पहले अगवा किया फिर उनके घर से करोड़ों रुपये का सोना, रुपया मंगवा लिया। उन्हें कार समेत फतेहगंज पश्चिमी में शंखा पुल के पास अगरास रोड पर ले जाकर उनकी हत्या कर दी थी। संवाद