संजीव गर्ग हत्याकांड: फतेहगंज पिश्चमी में अगरास रोड पर घटना स्थल का निरीक्षण करते एडीजी राजकुमा?
बरेली। संजीव गर्ग हत्याकांड की उद्यमियों के जल्द खुलासा करने की मांग के बाद शुक्रवार को एडीजी राजकुमार घटना के आठ दिन बाद फतेहगंज पश्चिमी पहुंचे और घटनास्थल देखा। एसएसपी के साथ वह फैक्टरी भी गए। पुलिस अधिकारियों से अब तक हुए प्रयासों के बारे में जानकारी ली। इसके बाद कुछ बिंदुओं को जांच में शामिल कर जल्द खुलासे के निर्देश दिए।
प्लाइवुड फैक्टरी के मालिक संजीव गर्ग की 20 जनवरी को हत्या कर दी गई थी। उनका शव फतेहगंज पश्चिमी में शंखा पुल के आगे अगरास रोड पर उनकी ही कार में मिला था। एसएसपी ने घटना के खुलासे के लिए कई टीमें लगाईं। तमाम जांच पड़ताल के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दो संदिग्धों के फोटो जारी किए थे। पुलिस को उम्मीद थी कि सोशल मीडिया पर फोटो वायरल करने के बाद दोनों पकड़े जाएंगे। पुलिस इन्हें ही कातिल मानकर चल रही है।
इधर, घटना को आठ दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली होने पर बृहस्पतिवार को उद्यमी एसएसपी से मिले और जल्द खुलासे की मांग की। इसके बाद शुक्रवार को एडीजी एसएसपी, एसपी देहात, सीओ और जांच में जुटी टीमों को लेकर घटना स्थल पर पहुंचे। यहां तमाम बिंदुओं पर चर्चा की। इसके बाद थाने जाकर पुलिस टीमों के साथ अब तक की गई छानबीन के बारे में जानकारी ली। पुलिस को कुछ बिंदुओं पर काम करने के निर्देश दिए। इससे पहले एडीजी परसाखेड़ा स्थित संजीव की फैक्टरी भी गए। वहां उनके बेटे से बात की। एडीजी ने पुलिस को जल्द घटना के खुलासे के निर्देश दिए हैं।