बरेली। इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च की तीसरी लहर की चेतावनी के बावजूद जिम्मेदार लापरवाह बने हुए हैं। दूसरे राज्यों से आने वालों की जांच में अनदेखी शहरवासियोें के लिए बड़े खतरे की आहट दे रही है। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक महीने भर पहले रोजाना छह से सात हजार सैंपल हो रहे थे, लेकिन अब चार हजार से कम हो रहे हैं।
पहली लहर के बाद से ही लगातार फतेहगंज पश्चिमी स्थित टोल प्लाजा पर स्वास्थ्य विभाग की टीमें दिल्ली समेत अन्य राज्यों से आने वालों की एंटीजन, आरटीपीसीआर जांच कर रही हैं। करीब दो माह पहले तक हर दिन साढ़े तीन सौ से चार सौ जांचें हो रही थीं, लेकिन अब प्रतिदिन सौ या उससे भी कम जांच हो रही हैं। अब सुबह दस बजे से दोपहर एक बजे तक करीब तीन घंटे ही टोल प्लाजा पर दूसरे राज्यों से आने वालों की जांच हो रही है। बाकी 21 घंटे बाहर से आने वालों की जांच न होना स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही बयां कर रही है।
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट पर गौर करें तो 15 मई से पहले हर दिन सात हजार से ज्यादा सैंपल की जांच हो रही थी। सभी सीएचसी, पीएचसी समेत शहर के तमाम इलाकों में भी कैंप लगाकर जांच की जा रही थी। मगर, अब सैंपलिंग में टीमें लापरवाही बरत रही हैं। हालांकि अफसर अब भी शहर में जांच शिविर लगने और एमएमयू के सैंपलिंग करने की बात कह रहे हैं।
बगैर सुरक्षा के हंगामा होने की रहती है आशंका
सैंपलिंग इंचार्ज डॉ. सीपी सिंह का कहना है कि टोल प्लाजा पर जांच के लिए पहले पुलिस का सहयोग रहता था। इंटरसेप्टर और पुलिसकर्मी जांच के लिए बसों को रुकवाते थे, लेकिन अब वहां कोई सुरक्षा नहीं है। जबरन किसी का सैंपल कर नहीं सकते। जब तक वहां सुरक्षाकर्मी मौजूद रहते हैं, जांच होती है। उसके बाद कोई सहयोग न मिलने पर टीमें लौट आती हैं। अगर सहयोग मिले तो टीमें लगातार जांच करेंगी।
सुरक्षा की प्रशासन से करेंगे मांग
एसीएमओ डॉ. रंजन गौतम के तबादले के बाद सीएमओ डॉ. बलबीर सिंह ने एसीएमओ डॉ. अशोक कुमार को जिला सर्विलांस अधिकारी का कार्यभार सौंपा है। डॉ. अशोक ने सैंपलिंग समेत कोरोना की रोक थाम के लिए टीमों को कोई भी दिक्कत होने पर तत्काल सूचना देने को कहा है। उनका कहना है कि सैंपलिंग बढ़ाने के लिए प्रशासन से टीमों की सुरक्षा की मांग करेंगे।
स्वास्थ्य विभाग के सभी बाबू हुए रिलीव
वर्षों से एक ही पटल पर जमे बाबुओं का पिछले दिनों शासन स्तर से तबादला हो गया। सोमवार को डीएम नितीश कुमार ने सीएमओ को सभी बाबुओं को रिलीव करने का आदेश दिया। इस पर देर शाम सभी बाबुओं को रिलीव कर दिया गया। उधर, बड़े पैमाने पर हुए तबादलों के विरोध में प्रदेश संगठन के आह्वान पर सोमवार को स्वास्थ्यकर्मियों ने कार्य बहिष्कार किया।