कोरोना की संभावित चौथी लहर से निपटने के लिए बरेली मंडल के जिलों की तैयारियों के संबंध में कमिश्नर संयुक्ता समद्दार ने रविवार को समीक्षा बैठक की। उन्होंने प्रत्येक जिले के लिए शासन की ओर से निर्धारित सैंपलिंग के लक्ष्य को पूरा करने के लिए टीम को सक्रिय करने, बाजार और आयोजनों के दौरान लोगों की कोविड जांच करने और स्वास्थ्य केंद्र पर संदिग्ध मरीजों की भी जांच कराने के निर्देश दिए हैं।
कमिश्नर ने अपर निदेशक चिकित्सा डॉ. एके चौधरी को मोबाइल टेस्टिंग टीमें और सैंपलिंग सेंटर की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। अभी तक चारों जिलों में 91 सैंपलिंग सेंटर और 49 मोबाइल टेस्टिंग टीमें संदिग्ध लोगों की सैंपलिंग कर रही हैं। शासन ने 13740 लोगों की प्रतिदिन जांच का लक्ष्य बरेली मंडल को दिया है। इसमें अभी 5336 लोगों की ही जांच हो रही है। कमिश्नर ने चारों जिलों के मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को कोरोना की जांच बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। बरेली में पांच हजार, बदायूं में 33 सौ, शाहजहांपुर में 26 सौ और पीलीभीत में 28 सौ लोगों की प्रतिदिन जांच का लक्ष्य है।
कहां, कितना हुआ टीकाकरण
कमिश्नर ने बताया कि बरेली में अब तक 10.86 लाख, बदायूं में 7.4 लाख, शाहजहांपुर में 7.45 लाख और पीलीभीत में 5.28 लाख लोगों को वैक्सीन की बूस्टर डोज लग चुकी है। 15 दिनों में 30248 लोगों की एंटीजन और आरटीपीसीआर जांच कराई गई है। हालांकि, कोई संक्रमित नहीं मिला है। चारों जिलों में 3449 हॉस्पिटल बेड और आईसीयू सेंटर बनाए गए हैं। मॉकड्रिल में व्यवस्थाएं बेहतर मिली थीं।
ऑक्सीजन की नहीं होगी कोई कमी
बरेली मंडल में ऑक्सीजन की उपलब्धता के लिए 23 ऑक्सीजन प्लांट है। इसमें से 20 ऑक्सीजन प्लांट से चारों जिलों के हॉस्पिटल और मेडिकल कॉलेज में ऑक्सीजन मुहैया कराई जा रही है। कमिश्नर ने बंद पड़े तीन अन्य ऑक्सीजन प्लांट को संचालित कराने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा बरेली मंडल में 319 वेंटीलेटर, 1135 ऑक्सीजन कन्संट्रेटर, 2803 ऑक्सीजन सिलिंडर की हॉस्पिटल में व्यवस्था है।