ईओ को कार्रवाई के मिले निर्देश, जमीन कब्जे की पांच शिकायतें मिलीं, निस्तारण किसी का नहीं
शीशगढ़। शनिवार को आयोजित थाना दिवस में छह शिकायतें आईं। इनमें से एक शिकायत आवारा कुत्तों को पकड़ने एवं पांच शिकायतें जमीन पर अवैध कब्जे को लेकर थीं। कुत्तों के बढ़ रहे हमले से निजात दिलाने के लिए निर्देश दिए गए, जबकि जमीन संबंधी मामले में समाधान किसी का नहीं हो सका।
दरअसल, कुत्तों के हमले की शिकायत मिलने पर तहसीलदार ने फोन कर ईओ शीशगढ़ को आवारा कुत्ते पकड़वा कर जंगल में दूर छोड़ने के लिए निर्देश दिए। वहीं, नगर पंचायत शीशगढ़ के ईओ दुर्गेश कुमार ने बताया कि जल्द ही टेंडर कराकर आवारा कुत्तों को पकड़ कर जंगल में छोड़ा जाएगा। इधर, नत्थू पुत्र नन्हू निवासी बूंची की गौटिया ने शिकायत कर ग्राम धर्मपुरा निवासी एक ग्रामीण पर जमीन पर अवैध कब्जा करने का आरोप लगाया। महशर जहां पत्नी तौफीक निवासी शीशगढ़ ने अपने परिवार के कुछ सदस्यों पर अपनी पैतृक संपत्ति पर कब्जा करने का आरोप लगाया है। संवाद
आवारा कुत्ते ने पांच बच्चों को काट कर किया घायल
शीशगढ़। शनिवार को बिलासपुर बस अड्डे के पास एक आवारा कुत्ते ने पांच बच्चों को काटकर घायल कर दिया। घायलों को उपचार के लिए कस्बे में स्थित सरकारी अस्पताल ले जाया गया।
कस्बे के मोहल्ला अगबाड़ा निवासी मुनीर अहमद ने बताया कि शनिवार की सुबह दुकान पर सौदा लेने जा रहे उनके 15 वर्षीय भांजे अमन पुत्र तौकीर उर्फ पप्पू पर तीन-चार कुत्तों ने हमला कर जांघ पर काटकर घायल कर दिया। मोहल्ले के लोगों ने कुत्तों को भगाकर अमन को बचाया। उन्होंने घायल भांजे को सरकारी अस्पताल ले जाकर रैबीज का टीका लगवाया। कुत्ते के काटने से घायल हुए अमन ने बताया कि चार बच्चे और भी हैं, जिन्हें शनिवार को ही कुत्तों ने काटकर जख्मी किया है। इनमें से एक घायल को शेरगढ़ व एक को बरेली रेफर किया गया। हालांकि तीन अन्य बच्चों की जानकारी सामने नहीं आ पाई है। संवाद
-
मीरगंज व शाही में आईं 10 शिकायतें
मीरगंज/शाही। शनिवार को मीरगंज में आयोजित थाना समाधान दिवस में सात और शाही में तीन शिकायतें दर्ज हुईं। इसमें कुछेक को छोड़कर सभी शिकायतें राजस्व से संबंधित थीं, लेकिन किसी का मौके पर निस्तारण नहीं हो सका। उपजिलाधिकारी तृप्ति गुप्ता ने सभी शिकायतों को संबंधित कर्मचारियों को निर्धारित समय पर निस्तारण करने के निर्देश दिए हैं। इस मौके पर सीओ मीरगंज गौरव सिंह एवं प्रभारी निरीक्षक कुंवर बहादुर सिंह रहे। वहीं, शाही में तहसीलदार मीरगंज विशाल कुमार शर्मा और थानाध्यक्ष शाही अमित कुमार बालियान ने अधीनस्थों को निर्देश दिए हैं। संवाद