बरेली। बिलवा की रहने वाली 14 वर्षीय सलाेनी ने अपनी मेहनत और लगन के दम पर प्रदेश स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में जगह बनाई है। सीमित संसाधनों के बावजूद सलोनी ने सेल्फ ट्रेनिंग से खुद को तैयार किया। अब वह सोमवार से अयोध्या में शुरू हो रही प्रदेश स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता की ऊंची कूद स्पर्धा में प्रतिभाग करेंगी।
सलोनी बताती हैं कि उनके पिता माली हैं। पिता ने हमेशा खेल के प्रति उनका पूरा सहयोग दिया। आर्थिक चुनौतियों के बावजूद उनके पिता कभी भी इन कठिनाइयों को उनके सामने नहीं आने देते। उनकी डाइट से लेकर अच्छे जूते तक की व्यवस्था करने का पूरा प्रयास करते हैं।
सलोनी का कहना है कि वह रोजाना करीब दो घंटे अभ्यास करती हैं। लगातार अपनी तकनीक सुधारने पर ध्यान देती हैं। उन्होंने बताया कि भारतीय एथलेटिक्स की दिग्गज खिलाड़ी पीटी उषा को वह अपना प्रेरणा स्रोत मानती हैं।