बरेली। शिक्षामित्रों के गुस्से को देखते हुए आनन फानन बेसिक शिक्षा अधिकारी ने वेतन का मामला वित्त एवं लेखाधिकारी के पाले में गेंद डाल दिया है। पत्र में वेतन जारी करने का साफ निर्देश नहीं है और कोर्ट के फैसले का जिक्र करके संशय पैदा कर दिया गया है। शिक्षामित्र इससे नाराज हैं, मंगलवार को वे लेखा अधिकारी के यहां प्रदर्शन करेंगे।
दफ्तर में तालाबंदी करने के बाद बीएसए देवेंद्र स्वरूप ने वेतन भुगतान जारी रखने के संबंध में पत्र लिखा है। इसमें कहा गया है कि कोर्ट ने समायोजन की सभी याचिकाओं को निरस्त कर दिया है लेकिन वेतन के लिए लेखाधिकारी वितरण अधिकारी हैं। इसलिए कोर्ट के पूरे आदेश का अध्ययन और उच्च अधिकारियाें से वार्ता करने के बाद भुगतान को नियमानुसार बना सकते हैं। अब यह पत्र लेखा अधिकारी के लिए गले की फ ांस बन गया है, क्योंकि बीएसए ने जारी जिम्मेदारी इन्हीं पर डाल दी है। शिक्षामित्र संघ के संरक्षक दुष्यंत चौहान का कहना है कि यह पत्र वेतन देने नहीं बल्कि रोकने के लिए है। इससे वेतन जारी करने में तो और समय लगेगा। मंगलवार को दुष्यंत चौहान, केपी सिंह, अनिल गंगवार, संजीव सिंह, चरन सिंह, जय प्रकाश, महेंद्र लोधी, प्रवेश पटेल, कपिल यादव, अजित यादव, चंद्रपाल, विजय चौहान, भगवान सिंह, अनुज चौहान, राजीव सिंह, अरविंद गंगवार व अन्य के नेतृत्व में लेखाधिकारी के यहां कूच करेंगे।