माता - पिता को नही बताई एक्सीडेंट में बेटे की मौत की खबर।
- हुलासनगरा फ्लाईओवर पर हादसे के बाद गांव रम्पुरा में पसरा सन्नाटा
फतेहगंज पूर्वी। घर से दुकान पर जाने की बात कहकर निकला साजिद (20) बाइक से मीरानपुर कटरा की ओर चला गया। वहां हुलासनगरा फ्लाईओवर पर हादसे में उसकी जान चली गई। वह वहां किस लिए गया था, यह परिजन भी नहीं बता पा रहे हैं। उसकी मौत के बाद गांव रम्पुरा में सन्नाटा पसरा है।
बड़े भाई राशिद ने बताया कि साजिद फतेहगंज पूर्वी में मोबाइल फोन की दुकान पर कार्य करता था। पांच भाइयों में वह तीसरे नंबर का था। चार महीने पहले राशिद की शादी में मिली बाइक को लेकर मंगलवार सुबह वह दुकान पर जाने की बात कहकर निकला था। मीरानपुर कटरा क्यों गया? इसकी जानकारी नहीं है। पिता शमशुद्दीन और मां सितारा बानो को तो ये भी नहीं पता था कि उनके बेटे की दुर्घटना में मौत हो गई है। उन्हें ये बताया गया है कि साजिद दुर्घटना में घायल हुआ है। उसका इलाज चल रहा है। संवाद
खरीदारी करने गई थी गुलबहार, तभी ट्रक की चपेट में आई
फरीदपुर। हुलासनगरा ओवरब्रिज पर ट्रक की चपेट में आकर जान गंवाने वाली गुलबहार (17) फरीदपुर के मोहल्ला फर्रखपुर की निवासी थीं। उसके पिता आबिद राजमिस्त्री हैं। शाहजहांपुर के तिलहर स्थित रिश्तेदारी में सोमवार को शादी समारोह था। उसमें आबिद की सबसे छोटी बेटी गुलबहार (17) भी गई थी। कार्यक्रम से घर लौटते समय रात हो गई तो वह फतेहगंज पूर्वी में अपनी बड़ी बहन गुड़िया की ननद रवीना के घर पर रुक गई। मंगलवार को वह रीना के साथ अपने परिचित साजिद मंसूरी की बाइक से खरीदारी करने गई थीं, तभी सामने से आ रहे ट्रक की टक्कर से उनकी जान चली गई। गुलबहार चार भाई-बहनों में सबसे छोटी थीं। संवाद
माता - पिता को नही बताई एक्सीडेंट में बेटे की मौत की खबर।