योगी आदित्यनाथ समेत उनके 47 सदस्यीय मंत्रिमंडल को लखनऊ में टीवी पर शपथ लेते देखकर पूरा शहर एक तरह से भगवा रंग में रंग गया। साधु संतों समेत सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं से जुड़े लोगों के अलावा भाजपाइयों ने भी मंदिरों में पूजा अर्चना कर सरकार के उज्जवल भविष्य और उत्तर प्रदेश की तरक्की की कामना की। मंदिरों के बाहर भंडारे हुए।
योगी आदित्यनाथ के मुख्यमंत्री बनने पर साधु संत बेहद खुश हैं। भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद ही योगी के समर्थन में अलखनाथ, बनखंडीनाथ, टिबरीनाथ, पशुपतिनाथ, मढ़ीनाथ, तपेश्वरनाथ, घोपेश्वरनाथ शिवालयों के अलावा सिविल लाइंस के हनुमान मंदिर में देर रात तक घंटे घड़ियाल गूंजते रहे। लोगों ने पूजा अर्चना और हवन के बाद भंडारा कर योगी आदित्यनाथ सरकार के उज्जवल भविष्य और यूपी की तरक्की की कामना की। हनुमान मंदिर सिविल लाइंस में भाजपा कार्यकर्ताओं ने पूजा अर्चना के बाद भंडारा किया। कार्यक्रम में डॉ. प्रमेंद्र माहेश्वरी, हिंदू युवा वाहिनी के अजय मौर्य, जितेंद्र शर्मा, नवीन कक्कर, गुलशन आनंद, विशाल जौहरी, राजकुमार, शिवम शर्मा, दुर्गेश कुमार, अमित शर्मा, इस्लाम सुल्तानी, खालिद गुरुजी, सलमान, उत्तरायणी समिति से देवेंद्र जोशी, जेसी पालीवाल आदि शामिल थे। उधर, पुराना शहर में युवा बरेली सेवा क्लब ने योगी के सीएम बनने की खुशी में मिष्ठान वितरण किया। गुलफाम अंसारी, जुबैर खान, मुजाहिद अंसारी, अनवर हुसैन आदि ने कहा कि वह सबका साथ, सबका विकास की सोच से प्रभावित हैं।
शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए भाजपाई
योगी आदित्यनाथ के मुख्यमंत्री और मंत्रिमंडल के शपथ ग्रहण समारोह में बरेली के भाजपाई भी शामिल हुए। जिलाध्यक्ष रवींद्र सिंह राठौर के नेतृत्व में महामंत्री पवन शर्मा, उपाध्यक्ष अंकित शुक्ला, पूर्व जिलाध्यक्ष राजकुमार शर्मा, प्रदीप पुष्कर, धर्मविजय गंगवार आदि सुबह ही लखनऊ रवाना हो गए। राजेश अग्रवाल के समर्थक महानगर अध्यक्ष उमेश कठेरिया के नेतृत्व में लखनऊ पहुंचकर शपथ ग्रहण समारोह में हिस्सा लिया।