बरेली। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में बजट खर्च करने में गोलमाल का मामला सामने आया है। रामनगर के ब्लॉक प्रमुख ने डीएम को शिकायत भेजकर सरकारी रकम से कन्या पक्ष को दिए जाने वाले सामान की खरीद में गड़बड़ी के आरोप लगाए हैं। डीएम ने मामले की जांच कराने की बात कही है।
रामनगर में सात जुलाई को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत दस जोड़ों का विवाह कराया गया था। ब्लॉक प्रमुख श्रीपाल सिंह का आरोप है कि सामूहिक विवाह के लिए जोड़ों और उनके घरवालों के लिए कोई अच्छी व्यवस्था नहीं की गई। इसके अलावा वर-वधू दोनों पक्षों को दिए गए भोजन की गुणवत्ता भी ठीक नहीं थी। कई लोगों ने खाना खाने के बाद तबीयत खराब होने की भी शिकायत की थी। उन्होंने अपनी शिकायत में यह भी कहा है कि प्रत्येक जोड़े का विवाह कराने के लिए 51 हजार रुपये खर्च का बजट निर्धारित है। मगर वधू पक्ष को दिए जाने वाले सामान की गुणवत्ता भी खराब है। इसकी खरीद में गोलमाल हुआ है। उन्होंने बिना योजना बनाए अचानक ही सामूहिक विवाह का आयोजन कराने और जनप्रतिनिधियों को न बुलाने पर भी आपत्ति जताई है।