बरेली। तीसरे दिन सब्जी मंडियों में रौनक लौट आई, हालांकि शनिवार को भीड़भाड़ कम रही। दो दिन तक दोगुने दामोें पर बिकने वाला टमाटर, मटर, आलू आदि सामान्य कीमतों पर आ गए। प्याज के भाव में तेजी बनी रही।
शनिवार सुबह सब्जी मंडियों में दो दिन पहले जैसा माहौल नहीं था। थोक मंडी में तीसरे दिन कामकाज सामान्य तौर से हुआ। आमतौर पर थोक मंडी में खरीदारों की सुबह से ही भीड़ बढ़ जाती है। मंडी परिसर से लेकर गेट के बाहर तक जाम की स्थिति रहती है। शनिवार सुबह मंडी में माहौल सामान्य जरूर दिखा, लेकिन भीड़भाड़ बहुत ज्यादा नहीं थी। इससे जाम की स्थिति नहीं बनी। तीन दिन तक टमाटर मनमानी दरों पर बेचा जा गया। शनिवार सुबह टमाटर 10-20, मटर-15, आलू 15-18, धनिया 15-20 रुपये प्रति किलो बिका। गली मोहल्लों में भी रिटेल में सब्जियां सामान्य दरों पर ही बिकती रहीं। सड़क मार्ग से बरेली प्याज पर्याप्त मात्रा में नहीं पहुंच पा रहा है, इसका असर कीमतों पर पड़ रहा है। छोटा प्याज 50-60 रुपये बंचा गया, जबकि गली-मोहल्लों में प्याज इससे महंगा बिका।
तीन दिन से मंडी कारोबार अस्तव्यस्त था, इसलिए प्याज आदि पर्याप्त मात्रा में बरेली नहीं पहुंच पाया है। अब मंडी कारोबार सामान्य हो गया है। सभी सब्जियां सामान्य दरों पर बिकीं। प्याज की आमद होते ही इसकी कीमतें भी कम हो जाएंगी। - शुजाउर्ररहमान, अध्यक्ष, थोक सब्जी मंडी