बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय में शुक्रवार को इंजीनियरिंग विभाग के द्वितीय चरण की काउंसलिंग आयोजित हुई। दूसरे चरण की काउंसलिंग एक ही दिन की गई। इसमें यूपीटीएसी (उत्तर प्रदेश टेक्निकल एडमिशन काउंसलिंग) -2026 के माध्यम से जेईई रैंकिंग और 12वीं पास अभ्यर्थियों को काउंसलिंग का मौका दिया गया। दूसरे चरण में अभ्यर्थियों के लिए आंशिक फीस भरने का विकल्प भी दिया गया।
मीडिया सेल के अनुसार दूसरे चरण में कुल 87 प्रवेश हुए। इससे पहले हुए प्रथम चरण में 156 प्रवेश हुए थे। सर्वाधिक सीटें बीटेक एआई व सीएसआईटी में भरी गई थीं। अब दूसरे चरण की काउंसलिंग पूरी होने के बाद अधिकांश सीटें अनारक्षित श्रेणियों में भर चुकी हैं।
आरक्षित श्रेणियों में सीटें शेष रह गई हैं। इलेक्ट्रॉनिक इंस्ट्रूमेंटेशन में 11 सीटें ओबीसी व एससी श्रेणी में खाली हैं। इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में महिला वर्ग में तीन, ओबीसी में आठ व एससी में छह सीटें खाली हैं। इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग में मात्र सैन्य कर्मी व स्वतंत्रता सेनानी की सीटें खाली हैं।
केमिकल इंजीनियरिंग में ओबीसी की चार, एससी की एक सीट खाली है। मैकेनिकल इंजीनियरिंग में अनारक्षित श्रेणी में महिला वर्ग की पांच सीटें खाली हैं, जबकि ईडब्ल्यूएस की चार, ओबीसी की आठ, एससी की छह सीटें खाली हैं। एआई में सभी वर्गों में सीटें भर चुकी हैं।
कंप्यूटर साइंस में पांच सीटें सैन्य कर्मी व स्वतंत्रता सेनानी कोटे में खाली रह गई हैं। मीडिया सेल के अनुसार रुविवि की साइट अब तीसरे चरण में पंजीकरण के लिए खुल चुकी है, जो 15 जुलाई तक खुली रहेगी।