बरेली। रूहेलखंड विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातक स्तर के बीबीए और बीएचएमसीटी पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है। व्यवसाय प्रबंधन विभाग में बीबीए के तीन नए कोर्स शुरू किए गए हैं। होटल मैनेजमेंट एवं कैटरिंग टेक्नोलॉजी विभाग में बीएचएमसीटी पाठ्यक्रम के लिए भी आवेदन मांगे गए हैं।
बीबीए पाठ्यक्रमों में कुल 60 नियमित और 6 ईडब्ल्यूएस सीटें उपलब्ध हैं। 10+2 किसी भी संकाय से उत्तीर्ण अभ्यर्थी इन पाठ्यक्रमों के लिए आवेदन कर सकते हैं। विभाग प्रभारी सौरभ वर्मा ने बताया कि इस वर्ष तीन वर्षीय स्नातक बीबीए, चार वर्षीय स्नातक ऑनर्स बीबीए (ऑनर्स) और चार वर्षीय शोधोन्मुख स्नातक बीबीए (ऑनर्स विद रिसर्च) कार्यक्रम शुरू किए गए हैं। विद्यार्थी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
होटल मैनेजमेंट एवं कैटरिंग टेक्नोलॉजी विभाग का चार वर्षीय बीएचएमसीटी पाठ्यक्रम एआईसीटीई अनुमोदित है। यह आतिथ्य एवं पर्यटन उद्योग में कॅरिअर बनाने के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए है। कला, विज्ञान अथवा वाणिज्य किसी भी संकाय से 12वीं उत्तीर्ण विद्यार्थी प्रवेश के लिए पात्र हैं। सामान्य एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम 45 फीसदी अंक आवश्यक हैं। अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के अभ्यर्थियों के लिए 40 फीसदी अंक निर्धारित किए गए हैं।
विभाग प्रभारी हेमा के अनुसार, अध्ययन के दौरान विद्यार्थियों को देश के प्रतिष्ठित फाइव स्टार होटलों में छह माह का औद्योगिक प्रशिक्षण कराया जाता है। विभाग में फूड प्रोडक्शन लैब, फूड एंड बेवरेज सर्विस लैब, हाउसकीपिंग लैब, फ्रंट ऑफिस लैब और मॉडल गेस्ट रूम जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। विद्यार्थियों को लर्न एंड अर्न योजना के तहत विश्वविद्यालय गेस्ट हाउस में कार्यानुभव अर्जित करने का अवसर भी मिलेगा। बीएचएमसीटी पाठ्यक्रम की वार्षिक फीस 35 हजार रुपये है।