बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय की ओर से कुलसचिव महेंद्र कुमार ने 2026-27 सत्र का अकादमिक कैलेंडर जारी कर दिया है। अब तक 2025-26 सत्र करीब दो माह पीछे चल रहा है, ऐसे में शासन के निर्देशों के बाद आगामी अकादमिक कैलेंडर तैयार कर लिया गया है।
इसके तहत इस वर्ष कॉलेजों में सेमेस्टर के प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण कराने की तिथि 25 जुलाई निर्धारित कर दी गई है। वहीं इस बार 27 जुलाई से कॉलेजों में हर हाल में शिक्षण कार्य आरंभ किए जाएंगे। ये अकादमिक कैलेंडर शासन की ओर से जारी शैक्षणिक कैलेंडर की तर्ज पर बनाया गया है। शैक्षणिक कैलेंडर के अनुसार सेमेस्टर में प्रवेश 25 जुलाई तक पूरी होने के बाद एक सप्ताह का दीक्षारंभ कार्यक्रम 25 से 31 जुलाई तक कराना होगा। इसके बीच प्रथम या सम सेमेस्टर कक्षाएं 27 जुलाई से शुरू होंगी, 15 सप्ताह तक 31 अक्तूबर तक शिक्षण कार्य पूरा कराया जाएगा। वहीं, प्रयोगात्मक परीक्षाएं दस नवंबर कराई जाएंगी।
सेमेस्टर परीक्षाएं 12 नवंबर से 12 दिसंबर तक पूरी करानी होगी। इसके बाद शीतावकाश के लिए 21 दिसंबर से तीन जनवरी 2027 का अवसर मिलेगा। सम सेमेस्टर का परीक्षा परिणाम घोषित करने की अंतिम तिथि भी तीन जनवरी निर्धारित हुई है। वहीं, इसके बाद विषम सेमेस्टर भी चार जनवरी से शुरू कराने की योजना बनाई गई है। इसमें चार जनवरी 2027 से विषम सेमेस्टर का शिक्षण कार्य शुरू होकर तीन अप्रैल 2027 को खत्म होगा, इसके बाद प्रयोगात्मक परीक्षाएं दस अप्रैल 2027, और सेमेस्टर परीक्षाएं 12 अप्रैल 2027 से 11 मई 2027 को समाप्त करानी होगी। परीक्षा के परिणाम जारी करने की अंतिम तिथि दस जून 2027 तक सभी तरह के परिणाम जारी करने होंगे तो वहीं, ग्रीष्मावकाश एक जून से तीस जून तक जारी होगा।