बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय की ओर से स्नातक के संस्थागत और बैक परीक्षा फॉर्म भरने की तिथि रविवार को बढ़ा दी गई। अब विद्यार्थी 25 अक्तूबर तक विवि की वेबसाइट mjpruiums.in पर फॉर्म भर सकेंगे।
परीक्षा नियंत्रक संजीव कुमार के अनुसार स्नातक स्तर (बीए, बीएससी, बीकॉम, बीबीए) प्रथम तृतीय व पंचम सेमेस्टर के साथ बीएससी-गृह विज्ञान प्रथम व तृतीय सेमेस्टर के संस्थागत परीक्षा फॉर्म तीन अक्तूबर से भरे जा रहे हैं। छात्र हित में अब 25 अक्तूबर तक परीक्षा फाॅर्म ऑनलाइन शुल्क के साथ जमा कर सकेंगे, वहीं कॉलेज की ओर से ऑनलाइन अप्रूव करने की अंतिम तिथि 28 अक्तूबर निर्धारित की गई है।
परीक्षाफल रुका, फॉर्म भरने में आ रही दिक्कत
विश्वविद्यालय की ओर से स्नातक का परिणाम जारी करने के बाद से विद्यार्थियों को लगातार समस्याएं आ रही है। इसमें कई छात्र-छात्राओं का परिणाम अभी रुका हुआ है। इस वजह से वह परीक्षा फॉर्म नहीं भर पा रहे हैं। ऐसे में विभिन्न जिलों के परेशान विद्यार्थी समाधान के लिए कॉलेज से लेकर विश्वविद्यालय तक के चक्कर काट रहे हैं। कई विद्यार्थी ऐसे भी हैं, जिनकी फीस जमा नहीं हो सकी है। इसलिए विवि ने आवेदन तिथि को बढ़ाने का निर्णय लिया। विद्यार्थियों की समस्याओं का समाधान के लिए कॉलेज और विवि स्तर से प्रयास करने की मांग छात्र संगठनों की ओर से की गई है। वहीं संबद्ध कॉलेज के अन्य जिलों से विवि आने वाले विद्यार्थियों का पूरा दिन परिणाम ठीक कराने में लग जा रहा है। संवाद