गैर-बासमती चावल पर 30 प्रतिशत निर्यात शुल्क लगाने की तैयारी में सरकार
बरेली। घरेलू बाजार में चावल की बढ़ती कीमतों और महंगाई पर अंकुश लगाने के लिए केंद्र सरकार गैर-बासमती सफेद चावल के निर्यात पर 30 प्रतिशत शुल्क लगाने पर विचार कर रही है। इससे जिले के चावल कारोबारियों में हलचल बढ़ गई है। जिले से सालाना करीब 20 लाख क्विंटल चावल निर्यात किया जाता है। हालांकि, वैश्विक मांग और सरकारी नीतियों के आधार पर इस आंकड़े में हर साल बदलाव होता रहता है।
स्थानीय बाजार में चावल की कीमतें पहले से ही आसमान छू रही हैं और भाव में 200 से 300 रुपये प्रति क्विंटल तक की तेजी बनी हुई है। इससे आम ग्राहकों को महंगे दामों पर खरीदारी करनी पड़ रही है। राइस मिल कारोबारी नईम अहमद का कहना है कि वर्तमान समय में बाजार में चावल की उपलब्धता बेहद कम है। ऐसे में यदि निर्यात शुल्क बढ़ाया जाता है तो कारोबारियों के साथ आम लोगों की भी परेशानी बढ़ेगी।
हालांकि, यदि सरकार 20 प्रतिशत तक निर्यात शुल्क लगाती है तो भी भारत अपना निर्यात जारी रख सकेगा, क्योंकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में थाईलैंड और वियतनाम के चावल के भाव काफी ऊंचे हैं और भारत को केवल पाकिस्तानी चावल की कम कीमतों से ही प्रतिस्पर्धा करनी होगी।