बरेली के रुहेलखंड विश्वविद्यालय परीक्षा नियंत्रक कार्यालय की ओर से नई शिक्षा नीति के तहत होने वाली बीए प्रथम और तृतीय सेमेस्टर की मुख्य और बैक पेपर परीक्षा का कार्यक्रम जारी कर दिया गया। साथ ही, पूर्व में जारी परीक्षा केंद्रों की संशोधित सूची जारी की है। बीए की परीक्षाएं 25 मार्च से शुरू होकर 24 अप्रैल तक चलेंगी। प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा सुबह सात से दस बजे तक और तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा सुबह 11 से दोपहर दो बजे तक होंगी। विस्तृत परीक्षा कार्यक्रम विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अपडेट है।
गोपनीय दस्तावेज रखने के लिए बने 33 नोडल सेंटर
स्नातक की सेमेस्टर परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने सभी महाविद्यालयों के प्राचार्यां को दिशा-निर्देश जारी किए हैं। साथ ही, स्ववित्त पोषित कॉलेजों को भेजे जाने वाले पत्रों को रखने के लिए 33 नोडल सेंटर गठित किए हैं।
केंद्र प्रभारियों को प्रश्नपत्रों और उत्तर पुस्तिकाओं को डिजिटल वाई-फाई लॉकर में रखने, परीक्षा के दौरान केंद्र प्रभारियों के अलावा अन्य किसी के द्वारा मोबाइल प्रयोग न करने, प्रतिदिन उपस्थित छात्र-छात्राओं की सूचना उपलब्ध कराने, सीसीटीवी कैमरे, वॉयस रिकॉर्डर सक्रिय रखने समेत अन्य दिशानिर्देश दिए हैं।