कोरना से बचाव के नियमों के बीच एमएससी जूलॉजी और एनिमल साइंस में हुए दाखिले
बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय में बुधवार को कोविड-19 की गाइड लाइन का अनुपालन करते हुए एमएससी जूलॉजी और एनिमल साइंस कक्षाओं में प्रवेश के लिए काउंसलिंग हुई। इसमें 176 छात्र-छात्राओं ने औपचारिकता पूरी कराई। संक्रमण से बचाव के लिए काउंसलिंग रूम में सभी काउंटरों पर कर्मचारियों ने पारदर्शी प्लास्टिक सीट लगा रखी थी।
विश्वविद्यालय में काउंसलिंग के लिए सभी छात्र-छात्राओं के लिए मास्क और सैनिटाइजर लगाने की अनिवार्यता को पूरी सख्ती से साथ लागू कराया गया। थर्मल स्क्रीनिंग के बाद ही अभ्यर्थियों को काउंसलिंग रूम में प्रवेश दिया गया। जूलोजी और एनिमल साइंस पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए छात्र-छात्राओं के अभिलेखों का सत्यापन किया गया। इसमें 176 छात्र-छात्राओं के अभिलेखों का सत्यापन करने के साथ ही उनकी प्रवेश संबंधी प्रक्रिया को पूरा किया गया। विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. अमित सिंह ने बताया कि एमएससी के दूसरे कोर्स में प्रवेश के लिए अभी काउंसलिंग जारी रहेगी।