फरीदपुर। राजकीय आईटीआई में छात्राें से अवैध फीस वसूली का आरोप लगाते हुए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने हंगामा कर दिया। प्रदर्शन की सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने कार्यकर्ताओं को शांत कराया। कॉलेज के स्टाफ ने आश्वासन दिया कि छात्र-छात्राओं से किसी प्रकार का कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा और न ही लिया जा रहा है।
परिषद के कार्यकर्ताओं को सूचना मिली कि फरीदपुर राजकीय आईटीआई कॉलेज में छात्र-छात्राओं से अतिरिक्त फीस वसूल की जा रही है। विद्यार्थी परिषद के विभाग संयोजक रचित शर्मा अपनी टीम के साथ कॉलेज पहुंचे और हंगामा किया। उनका कहना था राजकीय आईटीआई फरीदपुर में लगातार अवैध वसूली जा रही है। पहले भी इस तरह की शिकायतें सामने आ चुकी हैं। उसको लेकर पहले भी विद्यार्थी परिषद विरोध कर चुके हैं।
रचित शर्मा ने बताया कि सरकार ने निर्धारित फार्म फीस से ज्यादा फीस प्रत्येक बच्चे से वसूली जा रही है। आईटीआई कॉलेज के प्रभारी बृजेश चंद्र ने बताया कि फार्म फीस 213 रुपये है, जिसमें बैंक एवं जीएसटी फीस जोड़कर बच्चों से लेने को कहा गया था। बैंक एवं जीएसटी फीस के 20 रुपये जोड़कर कुल 233 रुपये प्रत्येक बच्चे से लिए जा रहे। फीस जमा होने के बाद बैंक व जीएसटी शुल्क जितना लगेगा उतना काटकर बचा हुआ शुल्क बच्चों को वापस कर दिया जाएगा। जिसका नोटिस चस्पा कर दिया गया है।