बरेली। दो साल पहले ही वैधता अवधि यानी 15 साल की उम्र पूरी कर चुके वाहनों पर आखिरकार आरटीओ ने कार्रवाई शुरू कर दी है। पहले दौर में 530 वाहनों का रजिस्ट्रेशन निरस्त और 49 हजार वाहनों का निलंबित किया गया है। निलंबित वाहनों को 31 दिसंबर तक रजिस्ट्रेशन का नवीनीकरण कराने का मौका दिया गया है, इसके बाद दूसरे चरण में इनका भी रजिस्ट्रेशन रद्द कर दिया जाएगा।
परिवहन विभाग के मुताबिक 15 सितंबर तक जिले में 64155 बाइक की वैधता अवधि समाप्त हो चुकी थी जिनके रजिस्ट्रेशन निलंबित कर उन्हें उसका नवीनीकरण कराने का मौका दिया गया था। इसके बाद भी सिर्फ 13053 वाहनों के रजिस्ट्रेशन का नवीनीकरण हुआ। पिछले दिनों आरटीओ ने दस टीमें बनाकर निलंबित रजिस्ट्रेशन वाले वाहनों का सर्वे कराया तो 530 वाहनों के मालिकों का पता गलत मिला। इनमें कई ने वाहन बेच भी दिए थे। कुछ ने वाहन को कबाड़ में बेचने की बात कही। इस पर इन वाहनों का रजिस्ट्रेशन निरस्त कर उन्हें कंडम घोषित कर दिया गया। अब अगर यह वाहन सड़क पर चलते मिले तो उन्हें सीज कर दिया जाएगा।
कंडम घोषित वाहनों का ब्योरा पोर्टल पर
रजिस्ट्रेशन निरस्त करने के बाद परिवहन विभाग की ओर से 530 वाहनों के नंबर के साथ यह सूचना पोर्टल पर अपलोड कर दी गई है। ट्रैफिक या परिवहन विभाग की ओर से पोर्टल पर वाहन का नंबर फीड करने के बाद सूचना मिल जाएगी। यह कार्रवाई इसलिए की गई है ताकि जांच के दौरान फौरन रजिस्ट्रेशन रद्द होने की जानकारी मिल सके और वाहन को सीज करने की कार्रवाई की जा सके।
रजिस्ट्रेशन न कराने वालों को नोटिस
एआरटीओ प्रशासन आरपी सिंह के मुताबिक बीएस-4 मॉडल के वाहनों की बिक्री अब प्रतिबंधित है। ऐसे वाहन जो प्रतिबंध से पहले खरीदे जा चुके हैं उनमें 64 वाहनों का रजिस्ट्रेशन अब तक नहीं हुआ है। अस्थायी रजिस्ट्रेशन पर ही उन्हें चलाया जा रहा है। इन सभी वाहनों के मालिकों को सात दिन के भीतर रजिस्ट्रेशन कराने को कहा गया है। इसके बाद उन पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।