बरेली में नाथ कॉरिडोर के अंतर्गत सात शिव मंदिरों को बेहतर मार्ग देने की योजना पर लोक निर्माण विभाग का सर्वेक्षण पूरा हो गया है। मंदिरों की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों को चौड़ा किया जाना है। इसी के तहत पीडब्ल्यूडी ने 12 मार्गों के एस्टीमेट बनाए हैं। मार्गों के लिए 90 करोड़ 64 लाख 23 हजार का बजट चाहिए। शासन की मंजूरी के बाद निर्माण होगा। दिवाली के बाद मंजूरी की उम्मीद है।
नाथ कॉरिडोर के अंतर्गत 20.17 किलोमीटर सड़कों का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण किया जाना है। हॉटमैन पुल से रामलीला मैदान तक फोर लेन प्रस्तावित किया गया है। बड़ा बाईपास से वनखंडी नाथ मंदिर का मार्ग तीन मीटर से 18 मीटर चौड़ा होगा। इन मार्गों पर सड़क के किनारे जो जमीन बचेगी वहां टाइल्स लगाई जाएगी। मुख्य अभियंता संजय तिवारी ने कहा कि मार्गों का सर्वे किया गया और एस्टीमेट तैयार किए गए हैं। मंजूरी के बाद काम शुरू हो जाएंगे।